जयपुर। जिले के प्रभारी सचिव डॉ. रोहित गुप्ता ने सोमवार को बाड़मेर जिले की बायतू पंचायत समिति की ग्राम पंचायत सेवानियाला में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं एवं शिविर में उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रभारी सचिव डॉ. गुप्ता ने शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त प्रकरणों का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से लाभान्वित करना सुनिश्चित करें तथा प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। शिविर के दौरान मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के तहत किशनाराम पुत्र मानाराम एवं भूराराम पुत्र मूलाराम को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत फरसाराम पुत्र भगवानाराम को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए स्वीकृति आदेश प्रदान किया गया। वहीं मंगल पशु बीमा योजना के तहत मंगलाराम, हरियो देवी पत्नी ताजाराम एवं रामू देवी पत्नी ठाकराराम को बीमा पॉलिसियों का वितरण किया गया।
उप जिला अस्पताल का किया निरीक्षण—
प्रभारी सचिव डॉ. रोहित गुप्ता ने उप जिला अस्पताल, बायतू का निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेते हुए चिकित्सकीय व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयुर्वेदिक चिकित्सालय में किया पौधरोपण—
डॉ. गुप्ता ने राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा अधिकाधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का आह्वान किया।
ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप








