Explore

Search

November 11, 2026 8:38 pm

IPL में दो नई टीमों के लिए BCCI की तैयारी: 2028 से बढ़ेंगी फ्रेंचाइजी, बड़े निवेशकों की नजर

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में 2028 से दो नई फ्रेंचाइजी शामिल हो सकती हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) लीग का विस्तार करने पर विचार कर रहा है। अगर यह योजना लागू होती है तो IPL में टीमों की संख्या 10 से बढ़कर 12 हो जाएगी।

नई टीमों के लिए पुणे और वडोदरा के नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं। हालांकि, इस मामले में बातचीत अभी शुरुआती दौर में है और नए शहरों को लेकर अंतिम फैसला बदल भी सकता है।

2022 में IPL से जुड़ी थीं दो नई टीमें

IPL में पिछली बार 2022 सीजन से पहले दो नई फ्रेंचाइजी शामिल हुई थीं। लखनऊ सुपर जायंट्स को RPSG ग्रुप ने 940 मिलियन डॉलर में खरीदा था, जबकि गुजरात टाइटंस को CVC कैपिटल पार्टनर्स ने 750 मिलियन डॉलर में अपने नाम किया था।

नई फ्रेंचाइजी की कीमत ₹8,900 करोड़ से ज्यादा हो सकती है

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, IPL की नई फ्रेंचाइजी की शुरुआती कीमत 1 बिलियन डॉलर यानी करीब 8,900 करोड़ रुपए से ज्यादा हो सकती है।

हाल ही में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की बिक्री 1.78 बिलियन डॉलर और राजस्थान रॉयल्स की बिक्री करीब 1.65 बिलियन डॉलर की वैल्यूएशन पर हुई है।

नई टीमों में निवेश के लिए प्राइवेट इक्विटी फर्म, वेस्ट एशिया के सॉवरेन वेल्थ फंड, अमेरिकी फैमिली ऑफिस और भारतीय कारोबारी समूह दिलचस्पी दिखा रहे हैं। रिपोर्ट में प्राइवेट इक्विटी फर्म परमिरा का नाम भी संभावित निवेशकों में शामिल है।

2028-2032 के मीडिया राइट्स से जुड़ी तैयारी

दो नई टीमों को शामिल करने की चर्चा IPL के अगले मीडिया राइट्स साइकल यानी 2028 से 2032 के लिए भी अहम मानी जा रही है। IPL के मौजूदा 2023-2027 मीडिया राइट्स 6.2 बिलियन डॉलर में बिके थे।

हालांकि, टीमों की संख्या बढ़ाने से पहले BCCI को कई अहम पहलुओं पर विचार करना होगा। इनमें खिलाड़ियों की उपलब्धता, इंटरनेशनल क्रिकेट कैलेंडर और ब्रॉडकास्टर्स की दिलचस्पी शामिल हैं।

नई फ्रेंचाइजी जुड़ने से टूर्नामेंट में मैचों की संख्या भी बढ़ेगी। इससे प्रसारण की लागत और आयोजन से जुड़ा खर्च बढ़ सकता है।

पुणे में पहले भी खेल चुकी हैं IPL की दो टीमें

पुणे इससे पहले भी IPL की मेजबानी कर चुका है। पुणे वॉरियर्स इंडिया ने 2011 से 2013 तक लीग में हिस्सा लिया था।

इसके बाद 2016 और 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट ने IPL खेला। टीम 2017 में फाइनल तक पहुंची थी, जहां उसे मुंबई इंडियंस के खिलाफ सिर्फ 1 रन से हार का सामना करना पड़ा था।

2016 में टीम की कप्तानी महेंद्र सिंह धोनी ने की थी, जबकि 2017 में स्टीव स्मिथ को कप्तान बनाया गया था।

अगर 2028 में पुणे को नई फ्रेंचाइजी मिलती है तो शहर में एक बार फिर IPL क्रिकेट की वापसी हो सकती है।

Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर