Explore

Search

November 11, 2026 11:48 am

शराब उधार नहीं दी तो सेल्समैन को जिंदा जलाने की कोशिश! जयपुर में बाइक सवार 3 बदमाशों ने दुकान में लगाई आग

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में दिनदहाड़े एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जयपुर ग्रामीण के किशनगढ़ रेनवाल थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन बदमाशों ने शराब की दुकान के सेल्समैन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की चपेट में आने से सेल्समैन गंभीर रूप से झुलस गया। उसे इलाज के लिए जयपुर के एसएमएस अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती करवाया गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, शराब उधार नहीं देने पर आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

पेट्रोल डालकर सेल्समैन को लगाई आग

जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार 10 नवंबर को दोपहर करीब 1 बजे किशनगढ़ रेनवाल थाना क्षेत्र के करड़ रोड स्थित खालड़ा इलाके में हुई। बाइक पर सवार होकर आए तीन युवक शराब की दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने दुकान के सेल्समैन कैलाश सिंह पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी।

अचानक लगी आग से कैलाश सिंह बुरी तरह घबरा गया और जान बचाने के लिए चीखते हुए दुकान से बाहर की ओर दौड़ा। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई और उसे अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जयपुर के एसएमएस अस्पताल के बर्न वार्ड में रेफर कर दिया गया।

दुकान में रखा सामान भी जलकर राख

हमले के दौरान शराब की दुकान में भी आग फैल गई। आग इतनी तेज थी कि दुकान में रखे दो फ्रिज और शराब के दर्जनों कार्टन जलकर खाक हो गए। इससे दुकान को भारी नुकसान पहुंचा है।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना कर साक्ष्य जुटाए।

CCTV कैमरे में कैद हुई पूरी वारदात

इस सनसनीखेज घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में बाइक सवार तीन युवक दुकान के पास आते दिखाई दे रहे हैं। इनमें से युवक बोतल में पेट्रोल लेकर दुकान के अंदर पहुंचते हैं और पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा देते हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं।

शराब उधार नहीं देने पर दिया वारदात को अंजाम

पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, तीनों युवक शराब की दुकान पर पहले भी आए थे। बताया जा रहा है कि सेल्समैन ने उन्हें शराब उधार देने से मना कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने पेट्रोल की व्यवस्था की और दोबारा दुकान पर पहुंचकर हमला कर दिया।

हालांकि, पुलिस इस मामले में रंजिश और लूट सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गंभीर रूप से झुलसे सेल्समैन का एसएमएस अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर