Explore

Search

November 12, 2026 3:11 am

स्वच्छता में राजस्थान में नंबर-1 बना जयपुर: स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में मिला स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी अवॉर्ड, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया सम्मानित

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर ने स्वच्छता के मामले में प्रदेशभर में पहला स्थान हासिल किया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के परिणामों में जयपुर को ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। बुधवार, 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जयपुर को यह सम्मान प्रदान किया।

इस अवसर पर राजस्थान के नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा, जयपुर के महापौर सुनील कोठारी और नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने पुरस्कार ग्रहण किया।

पहली बार एकीकृत नगर निगम के रूप में लिया हिस्सा

इस बार जयपुर ग्रेटर और जयपुर हेरिटेज नगर निगम का एकीकरण होने के बाद शहर ने पहली बार एकीकृत नगर निगम के रूप में स्वच्छता सर्वेक्षण में हिस्सा लिया। इससे पहले दोनों नगर निगम अलग-अलग सर्वेक्षण में शामिल होते थे।

पिछले स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में जयपुर ग्रेटर ने देश में 16वीं और जयपुर हेरिटेज ने 20वीं रैंक हासिल की थी। दोनों नगर निगमों को थ्री-स्टार रेटिंग भी मिली थी।

सफाई अभियान और कचरा प्रबंधन से मिली उपलब्धि

नगर निगम की ओर से शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए कई अभियान चलाए गए। इनमें नियमित सफाई, घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे का उचित निस्तारण और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया।

इसके अलावा वार्ड स्तर पर सफाई अभियान चलाकर आमजन की भागीदारी बढ़ाने के प्रयास किए गए। नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई मित्रों ने भी इन अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई।

राष्ट्रीय स्तर पर टॉप-3 में जगह नहीं बना पाया जयपुर

राजस्थान में पहला स्थान हासिल करने के बावजूद जयपुर देश के 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में टॉप-3 में जगह नहीं बना सका। इस श्रेणी में विशाखापट्टनम, जबलपुर और लखनऊ ने शीर्ष तीन स्थान हासिल किए।

फिलहाल जयपुर के लिए प्रदेश में पहला स्थान हासिल करना बड़ी उपलब्धि है। अब नगर निगम के सामने शहर की सफाई व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाए रखने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी रैंकिंग सुधारने की चुनौती है।

Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर