Explore

Search

November 3, 2026 1:45 pm

लेटेस्ट न्यूज़

पतंजलि के गाय के घी पर FDA का शिकंजा! 20.20 लाख रुपये का स्टॉक जब्त, 19 कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

महाराष्ट्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ा अभियान चलाया है। इस कार्रवाई के दौरान पतंजलि आयुर्वेद के एक सुपर डिस्ट्रीब्यूटर के यहां से 20.20 लाख रुपये मूल्य का गाय का घी जब्त किया गया। घी की पैकेजिंग पर गलत जानकारी देने और मिलावट की आशंका के चलते यह कार्रवाई की गई। इसके साथ ही राज्य में 19 खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस और पंजीकरण भी निलंबित किए गए हैं।

छत्रपति संभाजीनगर में जब्त हुआ 2,279.7 लीटर घी

FDA के मुताबिक, छत्रपति संभाजीनगर स्थित पतंजलि आयुर्वेद के सुपर डिस्ट्रीब्यूटर मेसर्स दिव्य महावितरक के यहां से 2,279.7 लीटर गाय का घी जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 20.20 लाख रुपये बताई गई है। कुल 4,032 यूनिट घी को कब्जे में लिया गया। विभाग को शुरुआती जांच में उत्पाद की ब्रांडिंग और गुणवत्ता को लेकर संदेह हुआ। हालांकि, मिलावट की आशंका को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएगा।

19 कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित

महाराष्ट्र FDA ने त्योहारों के मौसम को देखते हुए राज्यभर में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान मुंबई, अमरावती और छत्रपति संभाजीनगर सहित अलग-अलग क्षेत्रों में खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों की जांच की गई। विभाग के अनुसार, 19 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस या पंजीकरण निलंबित किए गए। इनमें नमकीन, मिठाई और मसाले बनाने वाली इकाइयां भी शामिल हैं।

जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की कमी, खाद्य पदार्थों के अनुचित भंडारण, कीट नियंत्रण की व्यवस्था न होने और जरूरी रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने जैसी खामियां सामने आईं। FDA ने खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की है।

9.01 करोड़ रुपये के खाद्य पदार्थ जब्त

FDA की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, अभियान के दौरान महाराष्ट्र के सात डिवीजनों में 114 प्रतिष्ठानों से करीब 3.53 लाख किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की गई। इसकी कुल कीमत लगभग 9.01 करोड़ रुपये बताई गई है। इसमें खाद्य तेल, मसाले, चावल, दालें, मिठाइयां और अन्य खाद्य उत्पाद शामिल हैं।

भिवंडी में एवेन्यू सुपरमार्ट्स से 1,44,218 किलोग्राम खाद्य तेल जब्त किया गया। वहीं, सतारा में अमीन ट्रेडर्स के यहां से 20,560 किलोग्राम चावल, दाल, गुड़ और अन्य खाद्य सामग्री कब्जे में ली गई।

चार दिनों में 13 FIR, 16 गिरफ्तार

28 से 31 अक्टूबर के बीच चलाए गए अभियान में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन और प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों से जुड़े मामलों में 13 एफआईआर दर्ज की गईं। इस दौरान 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया, सात प्रतिष्ठानों को सील किया गया और छह वाहनों को जब्त किया गया।

FDA का कहना है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के कारण उनकी गुणवत्ता और सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभाग ने कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, उपभोक्ताओं से भी पैक्ड खाद्य पदार्थ खरीदते समय लेबल, बैच नंबर और पैकिंग से जुड़ी जानकारी जांचने की अपील की गई है।

 

Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर