बच्चू सिंह वर्मा के नेतृत्व में केनरा बैंक के सहयोग से हुआ पौधारोपण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र कुमार शर्मा ने किया शुभारंभ
भरतपुर- पर्यावरण संरक्षण और शहर को हरित बनाने के उद्देश्य से आईजी कार्यालय परिसर में केनरा बैंक के सहयोग से 100 पौधे लगाए गए। पर्यावरणविद् बच्चू सिंह वर्मा के नेतृत्व में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र कुमार शर्मा ने पौधा लगाकर किया। केनरा बैंक के सहयोग से आयोजित इस पहल में बच्चू सिंह वर्मा ने पौधारोपण अभियान का नेतृत्व करते हुए हरियाली बढ़ाने और प्रकृति के संरक्षण के महत्व पर जोर दिया।

कार्यक्रम में राहुल मदेरणा ने भी बच्चू सिंह वर्मा के साथ सक्रिय सहभागिता निभाई। वे लंबे समय से वर्मा के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं पौधारोपण अभियानों से जुड़े हुए हैं। वर्मा उन्हें अपने साथ विभिन्न पौधारोपण कार्यक्रमों में शामिल कर पर्यावरण संरक्षण के कार्यों का अनुभव और मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में राहुल मदेरणा भी पौधारोपण एवं पौधों के संरक्षण के प्रति निरंतर जागरूकता और समर्पण के साथ अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर पर्यावरण विद बच्चू सिंह वर्मा ने बताया कि पौधारोपण को केवल वर्षा ऋतु तक सीमित नहीं समझना चाहिए। पौधों की प्रजाति, मौसम और पानी की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए अन्य महीनों में भी पौधारोपण किया जा सकता है। सबसे महत्वपूर्ण है पौधे लगाने के बाद उनकी नियमित देखभाल, सिंचाई और सुरक्षा सुनिश्चित करना।
पर्यावरण प्रेमी मदेरणा ने बताया कि पौधा लगाना केवल शुरुआत है, उसे वृक्ष बनाना हमारी असली जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण और हरित भविष्य दिया जा सकता है। इस अवसर पर आईजी कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा केनरा बैंक की टीम ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।








