Explore

Search

October 29, 2026 4:49 pm

झालावाड़: जंगल की झाड़ियों में खून से लथपथ मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

झालावाड़। राजस्थान के झालावाड़ जिले के झालरापाटन थाना क्षेत्र में चंद्रभागा नदी के पास पंप हाउस के नजदीक जंगल की झाड़ियों में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। मृतक की पहचान झालरापाटन निवासी कुलदीप वाल्मीकि के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कुछ लोगों पर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

परिजनों के अनुसार, कुलदीप बुधवार दोपहर से घर से लापता था। उसके घर नहीं लौटने पर परिवार के लोग रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। गुरुवार सुबह पंप हाउस के पास जंगल की झाड़ियों में उसका शव पड़े होने की सूचना मिली। इसके बाद झालरापाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

शरीर पर चोटों के निशान, पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज

झालरापाटन थाना प्रभारी हंसराज मीणा ने बताया कि चंद्रभागा नदी के आसपास जंगल में एक युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है।

थाना प्रभारी के अनुसार, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस उनकी शिकायत और आरोपों की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस फिलहाल मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

कुरैशी गैंग के सदस्य पर आरोप, पुरानी रंजिश की भी जांच

मृतक के परिजनों ने कुरैशी गैंग के एक सदस्य पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि पिछले कुछ दिनों से कुलदीप को लगातार धमकियां मिल रही थीं। परिजनों ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले उसके साथ मारपीट की गई थी। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों की अब तक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस के अनुसार, कुलदीप का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। करीब चार वर्ष पहले कुरैशी गैंग के एक सदस्य पर हुई फायरिंग के मामले में वह मुख्य आरोपी था। ऐसे में पुलिस जांच के दौरान पुरानी रंजिश की आशंका को भी ध्यान में रख रही है।

फिलहाल युवक की मौत के कारणों और घटना में किसी की संलिप्तता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के आरोपों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Rajesh Bhagtani
Author: Rajesh Bhagtani

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर