हिमाचल प्रदेश: पहाड़ों पर हो रही ताजा बर्फबारी ने पर्यटकों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हिमाचल प्रदेश के मशहूर पर्यटन स्थल रोहतांग पास में बर्फ से ढकी सड़क पर एक टूरिस्ट बस अचानक फिसलने लगी। बस का संतुलन बिगड़ते ही वह सड़क पर सरकते हुए खाई की तरफ बढ़ने लगी। इस खौफनाक घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
बर्फ की मोटी परत से सड़क बनी फिसलन भरी
रोहतांग पास में ताजा बर्फबारी के बाद सड़क पर बर्फ की मोटी परत जम गई है। ऐसे में वाहनों के टायर सड़क पर पकड़ नहीं बना पा रहे हैं। हालात इतने खराब हैं कि चालकों के लिए गाड़ियों को नियंत्रित करना मुश्किल हो रहा है। थार और जिप्सी जैसे वाहन भी बर्फीली सड़क पर परेशानी का सामना कर रहे हैं।
अचानक फिसलने लगी पर्यटक बस
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 15 नवंबर की है। बर्फबारी के बाद सड़क पर काफी फिसलन थी। इसी दौरान एक पर्यटक बस आगे बढ़ते समय अचानक अपना संतुलन खो बैठी और सड़क पर फिसलते हुए खाई की ओर जाने लगी। वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। कुछ पल के लिए ऐसा लगा कि बस सीधे खाई में गिर जाएगी।
बर्फबारी के बाद पहाड़ों पर सफर करना जोखिम भरा
रोहतांग जैसे ऊंचाई वाले पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी के बाद सड़कें बेहद खतरनाक हो जाती हैं। बर्फ जमने से वाहनों के पहिए फिसलने लगते हैं और ड्राइविंग करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ऐसे मौसम में वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होती है।








