Mahindra Logistics Share Price: शेयर बाजार में सोमवार को महिंद्रा लॉजिस्टिक्स के शेयरों में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO हेमंत सिक्का के इस्तीफे की खबर सामने आते ही निवेशकों में हलचल मच गई। देखते ही देखते शेयर करीब 14.5 फीसदी तक टूटकर 367.60 रुपये के निचले स्तर पर पहुंच गया। यह शेयर में अब तक की सबसे बड़ी इंट्राडे गिरावट बताई जा रही है।
अचानक क्यों क्रैश हुआ महिंद्रा का शेयर?
महिंद्रा लॉजिस्टिक्स ने 13 नवंबर को स्टॉक एक्सचेंज को जानकारी दी थी कि कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO हेमंत सिक्का अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं। उनका इस्तीफा 15 दिसंबर 2026 को प्रभावी होगा। कंपनी के मुताबिक, उन्होंने दूसरे प्रोफेशनल अवसरों को आगे बढ़ाने के लिए यह फैसला लिया है।
इस खबर के बाद सोमवार को बाजार खुलते ही शेयर पर दबाव देखने को मिला। कारोबार के दौरान इसकी कीमत करीब 14.5 फीसदी तक गिर गई। ट्रेडिंग वॉल्यूम भी दो सप्ताह के औसत से लगभग छह गुना बढ़ गया।
कौन संभालेगा कंपनी की कमान?
हेमंत सिक्का के जाने के बाद कंपनी ने मोहम्मद तुर्रा को नया मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO नियुक्त करने का फैसला किया है। उन्हें 16 नवंबर से अतिरिक्त निदेशक और CEO-designate बनाया गया है।
मोहम्मद तुर्रा 16 दिसंबर 2026 से कंपनी के MD और CEO की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनका कार्यकाल पांच साल का होगा, जो शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है।
कौन हैं मोहम्मद तुर्रा?
मोहम्मद तुर्रा को इंडस्ट्री और कंसल्टिंग क्षेत्र में 28 साल से ज्यादा का अनुभव है। वह अक्टूबर 2024 से महिंद्रा फर्स्ट चॉइस व्हील्स के MD और CEO के रूप में काम कर रहे हैं। इससे पहले वह महिंद्रा समूह की रणनीतिक टीम और Quiklyz के साथ भी जुड़े रहे हैं।
उन्होंने Boston Consulting Group, Unilever, IBM और Alstom जैसी कंपनियों में भी काम किया है।
कंपनी के नतीजे अच्छे, फिर भी शेयर में गिरावट
दिलचस्प बात यह है कि शेयर में यह गिरावट ऐसे समय आई है, जब कंपनी ने सितंबर तिमाही में बेहतर प्रदर्शन किया था। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट पिछले साल के 10.4 करोड़ रुपये के घाटे से बढ़कर 26.2 करोड़ रुपये हो गया।
वहीं, कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 24.3 फीसदी बढ़कर 2,095.4 करोड़ रुपये पहुंच गया। EBITDA भी 51 फीसदी बढ़कर 124 करोड़ रुपये रहा।








