मनोरंजन जगत में कास्टिंग काउच को लेकर अक्सर चौंकाने वाले खुलासे होते रहते हैं। अब टीवी की मशहूर अभिनेत्री देबिना बनर्जी ने भी अपने करियर के शुरुआती दिनों का एक डरावना अनुभव साझा किया है। उन्होंने बताया कि एक बार एक डायरेक्टर ने रात के अंधेरे में उनके सामने ऐसी डिमांड रख दी थी, जिसे सुनकर वह बुरी तरह घबरा गई थीं। डायरेक्टर की बात सुनकर एक्ट्रेस के पैरों तले जमीन खिसक गई थी।
रात में डायरेक्टर ने की थी किस करने की डिमांड
देबिना बनर्जी ने मनीषा रानी के पॉडकास्ट ‘बकलोल बातें’ में अपने साथ हुई इस घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब वह अपने करियर की शुरुआत कर रही थीं, उस दौरान एक डायरेक्टर ने उन्हें अपने साथ चलने के लिए कहा था। उस समय देबिना को अंदाजा नहीं था कि आगे उनके साथ क्या होने वाला है।
एक्ट्रेस के मुताबिक, डायरेक्टर उन्हें अपनी गाड़ी में लेकर गया। रास्ते में उसने एक सुनसान जगह पर अंधेरे में गाड़ी रोक दी। इसके बाद डायरेक्टर ने देबिना से कहा कि वह उसे किस करें। यह सुनते ही एक्ट्रेस बुरी तरह डर गईं। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि आखिर इस स्थिति से कैसे बाहर निकलें।

डर के मारे कांपने लगी थीं देबिना
देबिना ने बताया कि डायरेक्टर की इस हरकत से वह काफी असहज हो गई थीं। उन्होंने उसकी डिमांड मानने से इनकार कर दिया। उस समय उनके मन में डर था कि कहीं उनके साथ कुछ गलत न हो जाए। हालांकि, उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए साफ कर दिया कि वह ऐसा कुछ नहीं करना चाहतीं।
गुरमीत चौधरी बने जिंदगी का सहारा
बातचीत के दौरान देबिना ने अपने पति गुरमीत चौधरी के बारे में भी बात की। दोनों की मुलाकात टीवी शो ‘रामायण’ के दौरान हुई थी। इस शो में गुरमीत ने भगवान राम और देबिना ने माता सीता का किरदार निभाया था। पर्दे पर राम-सीता की जोड़ी निभाते-निभाते दोनों असल जिंदगी में भी एक-दूसरे के करीब आ गए।
आज दोनों टीवी इंडस्ट्री के चर्चित कपल्स में गिने जाते हैं। देबिना और गुरमीत अपनी पारिवारिक जिंदगी को लेकर भी सुर्खियों में रहते हैं।








