आजकल टीवी देखना लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है। कोई मनोरंजन के लिए घंटों टीवी के सामने बैठा रहता है, तो कोई खाली समय में लगातार फिल्में और वेब सीरीज देखता है। लेकिन क्या आपको पता है कि आपकी यह आदत किडनी की सेहत पर भारी पड़ सकती है? एक नई रिसर्च में लंबे समय तक टीवी देखने और किडनी की कार्यक्षमता में तेजी से गिरावट के बीच संबंध सामने आया है। वैज्ञानिकों ने करीब 12 साल तक लोगों की सेहत पर नजर रखकर यह अध्ययन किया है।
12 साल तक चली स्टडी में सामने आई चौंकाने वाली बात
यह रिसर्च ऑस्ट्रेलिया, जापान और ब्रिटेन समेत कई देशों के वैज्ञानिकों ने मिलकर की है। इसे मेडिकल जर्नल ‘Scientific Reports’ में प्रकाशित किया गया है।
रिसर्च के दौरान वैज्ञानिकों ने करीब 12 साल तक लोगों की किडनी की कार्यक्षमता में होने वाले बदलावों का अध्ययन किया। इसमें पाया गया कि जो लोग रोजाना ज्यादा समय टीवी देखने में बिताते थे, उनमें किडनी की क्षमता में तेजी से गिरावट देखी गई। किडनी फंक्शन टेस्ट के दौरान भी कई पैरामीटर सामान्य नहीं पाए गए।
इस अध्ययन में एक और अहम बात सामने आई। टाइप-2 डायबिटीज से पीड़ित लोगों में लंबे समय तक टीवी देखने और किडनी की खराब होती सेहत के बीच संबंध ज्यादा मजबूत पाया गया।
दरअसल, डायबिटीज के कारण लंबे समय तक ब्लड शुगर बढ़ा रहने से किडनी की फिल्टर करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में डायबिटीज के मरीजों के लिए घंटों एक जगह बैठकर टीवी देखना चिंता का विषय हो सकता है।
आखिर टीवी देखने से किडनी पर कैसे पड़ता है असर?
रिसर्च के मुताबिक, लंबे समय तक टीवी देखने के दौरान लोग लगातार बैठे रहते हैं और शारीरिक गतिविधियां कम हो जाती हैं। इससे ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित हो सकता है और वजन बढ़ने का खतरा भी रहता है।
ये दोनों ही स्थितियां किडनी की सेहत पर नकारात्मक असर डाल सकती हैं। हालांकि, वैज्ञानिकों ने स्पष्ट किया है कि इस अध्ययन में टीवी देखने और किडनी की कार्यक्षमता में गिरावट के बीच संबंध पाया गया है। यह साबित नहीं हुआ है कि सिर्फ टीवी देखने से सीधे किडनी खराब होती है।
किडनी को स्वस्थ रखने के लिए अपनाएं ये 4 आदतें
अगर आप भी घंटों टीवी देखते हैं, तो अपनी दिनचर्या में कुछ बदलाव करके किडनी की सेहत का ध्यान रख सकते हैं।
-
बीच-बीच में उठें: टीवी देखते समय लंबे समय तक लगातार एक जगह न बैठें। बीच-बीच में उठकर टहलें।
-
रोजाना पैदल चलें: प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट पैदल चलने की आदत डालें।
-
ब्लड शुगर कंट्रोल रखें: डायबिटीज के मरीज नियमित रूप से अपना शुगर लेवल चेक करें।
-
ब्लड प्रेशर पर ध्यान दें: हाई ब्लड प्रेशर भी किडनी की सेहत को प्रभावित कर सकता है। इसे नियंत्रित रखना जरूरी है।








