दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने 450 पन्नों की चार्जशीट साकेत कोर्ट में दाखिल की है। पुलिस ने तीन आरोपियों आसिफ, हेमंत और मुकेश को नामजद किया है। चार्जशीट में 55 गवाहों के बयान भी शामिल किए गए हैं।
जन्मदिन पर मंदिर दर्शन करने गई थी पीड़िता
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 22 सितंबर की है। उस दिन पीड़िता का जन्मदिन था। वह अपने एक दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर में दर्शन करने गई थी। दोनों ने शाम करीब 4:55 बजे मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और रात करीब 7 बजे वहां से निकले। इसके बाद दोनों ने चिप्स और पानी खरीदा और आस्था कुंज पार्क के गेट नंबर 7 से अंदर चले गए।
चाकू और बंदूक दिखाकर दी धमकी
पीड़िता की FIR के मुताबिक, वह अपने दोस्त के साथ पार्क में एक बेंच पर बैठकर चिप्स खा रही थी। इसी दौरान 30 से 35 साल की उम्र के तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पीड़िता के दोस्त के साथ मारपीट की और दोनों के मोबाइल फोन छीन लिए।
इसके बाद आरोपियों ने हथियार दिखाकर पीड़िता को डराया। पीड़िता के बयान के अनुसार, एक आरोपी ने बंदूक निकाली, जबकि चाकू दिखाकर उसे पार्क के अंधेरे हिस्से की तरफ ले जाया गया। आरोप है कि वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
450 पन्नों की चार्जशीट में 55 गवाह
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में आसिफ, हेमंत और मुकेश के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। इसमें 55 गवाहों के बयान शामिल किए गए हैं। आरोपियों पर दुष्कर्म, आपराधिक साजिश, चोट पहुंचाने और आपराधिक धमकी देने से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। इनमें BNS की धारा 70(2), 61(2), 115(2), 351(3) और POCSO एक्ट की धाराएं 6/17 शामिल हैं।
पुलिस ने घटना के करीब 60 दिन बाद साकेत कोर्ट में चार्जशीट पेश की है। अब मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया अदालत में चलेगी।








