भारत आज एक ऐसे ऐतिहासिक संक्रमण काल से गुजर रहा है, जहाँ आर्थिक विकास, वैज्ञानिक प्रगति और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ सामाजिक चेतना, सांस्कृतिक आत्मबोध, पारिवारिक मूल्यों, पर्यावरणीय उत्तरदायित्व और नागरिक कर्तव्यों को पुनर्स्थापित करना भी आवश्यक है। किसी राष्ट्र की वास्तविक प्रगति केवल उसकी आर्थिक समृद्धि, आधारभूत संरचना अथवा तकनीकी उपलब्धियों से निर्धारित नहीं होती, बल्कि इस बात से भी निर्धारित होती है कि उसके नागरिक कितने संवेदनशील, कर्तव्यनिष्ठ, समरस, आत्मनिर्भर और प्रकृति के प्रति उत्तरदायी हैं। इसी व्यापक राष्ट्रीय दृष्टि को व्यवहार में परिणत करने का एक महत्वपूर्ण विचार है—पंच परिवर्तन। इसके पाँच प्रमुख आयाम हैं—सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्व का बोध तथा नागरिक कर्तव्य। ये पाँचों परिवर्तन अलग-अलग गतिविधियाँ नहीं, बल्कि एक-दूसरे के पूरक सामाजिक और राष्ट्रीय पुनर्निर्माण के आधार हैं। पंच परिवर्तन का मूल संदेश है कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकारों, संस्थाओं अथवा नीतियों का दायित्व नहीं है। यह प्रत्येक व्यक्ति, परिवार, समाज और शैक्षणिक संस्था की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस संदर्भ में विश्वविद्यालयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है, क्योंकि विश्वविद्यालय केवल उपाधियाँ प्रदान करने वाले संस्थान नहीं, बल्कि विचारों, मूल्यों, व्यक्तित्वों और भविष्य के नागरिकों का निर्माण करने वाले राष्ट्रीय चेतना के केंद्र हैं।

1. सामाजिक समरसता : शिक्षा के माध्यम से सामाजिक एकात्मता
सामाजिक समरसता का अर्थ केवल सामाजिक भेदभाव का अभाव नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा, समान अवसर, पारस्परिक सम्मान और साझी राष्ट्रीय पहचान की स्थापना है। जाति, भाषा, क्षेत्र, आर्थिक स्थिति, लिंग अथवा अन्य सामाजिक आधारों पर विद्यमान दूरियों को कम करना समय की आवश्यकता है।विश्वविद्यालय इस दिशा में निम्नलिखित नवाचारी पहल कर सकते हैं—
a. समरसता संवाद मंच : प्रत्येक विभाग में विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों के बीच नियमित संवाद आयोजित किए जाएँ। इनका उद्देश्य सामाजिक समस्याओं पर विमर्श के साथ समाधान की सामूहिक समझ विकसित करना हो।
b. एक भारत–श्रेष्ठ भारत का शैक्षणिक प्रतिमान : विभिन्न राज्यों की भाषाओं, साहित्य, लोक परंपराओं, इतिहास, खान-पान और सांस्कृतिक विरासत पर तुलनात्मक अध्ययन तथा विद्यार्थी आदान-प्रदान कार्यक्रम संचालित किए जाएँ।
c. साहित्य और संस्कृति के माध्यम से समरसता : तुलनात्मक साहित्य, अनुवाद अध्ययन, लोक साहित्य, संत साहित्य, भक्ति आंदोलन और जनजातीय साहित्य को पाठ्यक्रमों में स्थान देकर विद्यार्थियों को भारत की बहुलतावादी सांस्कृतिक चेतना से परिचित कराया जाए।
d. साझा सामाजिक उत्तरदायित्व : विश्वविद्यालय के विद्यार्थी ग्रामीण और शहरी वंचित समुदायों के साथ मिलकर शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता, डिजिटल साक्षरता और सामाजिक विकास की गतिविधियों में भाग लें।
e. समरस परिसर अभियान : परिसर में ऐसा वातावरण विकसित किया जाए जहाँ प्रत्येक विद्यार्थी को समान सम्मान, समान अवसर और सहभागिता का अनुभव हो।
महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर इस दिशा में अपनी शैक्षणिक एवं सामाजिक भूमिका का विस्तार कर रहा है। महर्षि दयानन्द सरस्वती के समानता, तर्कशीलता, शिक्षा, मानवीय गरिमा और सामाजिक सुधार संबंधी विचारों को समकालीन सामाजिक चुनौतियों से जोड़कर एक विशेष अध्ययन एवं संवाद कार्यक्रम विकसित किया गया है।
2. कुटुंब प्रबोधन : परिवार को सामाजिक संस्कारों की प्रथम पाठशाला बनाना
भारतीय सभ्यता में परिवार केवल व्यक्तियों का समूह नहीं, बल्कि संस्कार, संवेदना, सहयोग और जीवन मूल्यों के हस्तांतरण की मूल संस्था रहा है। आधुनिक जीवनशैली, तकनीकी निर्भरता, पीढ़ियों के बीच बढ़ती दूरी, उपभोक्तावाद और एकाकीपन ने पारिवारिक संबंधों के सामने नई चुनौतियाँ प्रस्तुत की हैं।
कुटुंब प्रबोधन का उद्देश्य परिवार संस्था को सशक्त बनाना, पारस्परिक संवाद बढ़ाना तथा नई पीढ़ी को जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाना है। विश्वविद्यालय निम्नलिखित पहल कर सकते हैं—
a. परिवार संवाद कार्यक्रम : प्रत्येक माह एक दिन परिवार संवाद दिवस के रूप में निर्धारित किया जाए, जिसमें विद्यार्थी अपने परिवार के सदस्यों के साथ समय बिताने, अनुभव साझा करने और पीढ़ियों के बीच संवाद स्थापित करने के लिए प्रेरित हों।
b. पीढ़ियों के बीच ज्ञान का आदान-प्रदान : विद्यार्थियों को अपने दादा-दादी, नाना-नानी तथा परिवार के वरिष्ठ सदस्यों के जीवन अनुभव, पारंपरिक ज्ञान, लोककथाओं और सांस्कृतिक विरासत का दस्तावेजीकरण करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
c. डिजिटल अनुशासन : परिवारों में मोबाइल, सामाजिक संचार माध्यमों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विवेकपूर्ण उपयोग पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएँ। तकनीक परिवार के संवाद का विकल्प नहीं, बल्कि सहयोगी बने।
d. पारिवारिक मूल्य एवं जीवन कौशल : पाठ्यक्रमों में सहानुभूति, पारिवारिक उत्तरदायित्व, लैंगिक संवेदनशीलता, वृद्धजनों के प्रति सम्मान और भावनात्मक समझ से संबंधित गतिविधियाँ शामिल हों।
e. परिवार एवं समाज अध्ययन केंद्र : विश्वविद्यालय में परिवार, सामाजिक संबंधों, पीढ़ीगत परिवर्तन और भारतीय पारिवारिक परंपराओं पर अंतर्विषयी शोध को प्रोत्साहित किया जाए।
महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय अपने मूल्य संवर्धन पाठ्यक्रमों, योग, भारतीय ज्ञान परंपरा और विद्यार्थी कल्याण गतिविधियों के साथ कुटुंब प्रबोधन को जोड़ा है। इसका उद्देश्य पारंपरिक मूल्यों को आधुनिक जीवन की आवश्यकताओं के साथ समन्वित करना होना चाहिए।
3. पर्यावरण संरक्षण : प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व की संस्कृति
जलवायु परिवर्तन, जल संकट, वायु प्रदूषण, जैव विविधता का ह्रास और प्राकृतिक संसाधनों का अनियंत्रित दोहन मानव सभ्यता के सामने गंभीर चुनौतियाँ हैं। पर्यावरण संरक्षण को केवल वृक्षारोपण अथवा स्वच्छता अभियान तक सीमित नहीं रखा जा सकता। इसके लिए जीवनशैली, उपभोग और विकास की अवधारणा में परिवर्तन आवश्यक है। भारतीय चिंतन में प्रकृति को उपभोग की वस्तु नहीं, बल्कि जीवन का अभिन्न अंग माना गया है। पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश के प्रति सम्मान भारतीय ज्ञान परंपरा की मूल चेतना में विद्यमान है।
विश्वविद्यालयों को इस दिशा में निम्नलिखित प्रतिमान अपनाने चाहिए:
a. शून्य कार्बन उत्सर्जन परिसर : प्रत्येक विश्वविद्यालय कार्बन उत्सर्जन का वार्षिक आकलन कर ऊर्जा संरक्षण, सौर ऊर्जा, हरित परिवहन और ऊर्जा दक्ष भवनों की दिशा में समयबद्ध लक्ष्य निर्धारित करे।
b. एक विद्यार्थी–एक वृक्ष–एक वर्ष की जिम्मेदारी : वृक्षारोपण के साथ पौधों के संरक्षण, सिंचाई और विकास की जिम्मेदारी विद्यार्थियों को सौंपी जाए। सफलता पौधों की संख्या से नहीं, उनके जीवित रहने की दर से मापी जाए।
c. जल स्वराज अभियान : वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण, जल बजट और अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग को विश्वविद्यालय की अनिवार्य पर्यावरणीय गतिविधि बनाया जाए।
d. शून्य अपशिष्ट विश्वविद्यालय : एकल उपयोग प्लास्टिक का उन्मूलन, कचरे का पृथक्करण, जैविक खाद निर्माण और पुनर्चक्रण को संस्थागत व्यवहार का हिस्सा बनाया जाए।
e. पर्यावरणीय शोध एवं स्थानीय समाधान : विश्वविद्यालय अरावली पर्वतमाला, मरुस्थलीकरण, पारंपरिक जल संरक्षण, स्थानीय वनस्पतियों, औषधीय पौधों और राजस्थान की पारिस्थितिकी पर विशेष शोध परियोजनाएँ प्रारंभ करें।
f. प्रकृति आधारित अधिगम : प्रत्येक विभाग में पर्यावरण से संबंधित क्षेत्रीय अध्ययन और सामुदायिक परियोजनाएँ संचालित हों।
महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय ने हरित परिसर की दिशा में शून्य कार्बन उत्सर्जन परिसर की अवधारणा तथा खेजड़ी उद्यान के विकास जैसी पहलों को आगे बढ़ाया है। परिसर में वृक्षों, हरित क्षेत्रों और प्रकृति संरक्षण की संस्कृति को मजबूत करना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
अब आवश्यकता है कि विश्वविद्यालय अपने पर्यावरणीय प्रयासों को एक व्यापक हरित परिसर से हरित समाज अभियान में परिवर्तित करने की दिशा में अग्रसर है। इसके अंतर्गत विश्वविद्यालय से जुड़े प्रत्येक महाविद्यालय को एक ग्राम अथवा शहरी क्षेत्र गोद लेकर जल, हरियाली, स्वच्छता और जैव विविधता के संरक्षण का आदर्श विकसित करना चाहिए।
4. स्व का बोध : भारतीय ज्ञान, संस्कृति और आत्मनिर्भरता का पुनर्जागरण
पंच परिवर्तन का चौथा आयाम स्व का बोध है। इसका अर्थ केवल अपनी सांस्कृतिक पहचान पर गर्व करना नहीं, बल्कि अपनी सभ्यता, भाषाओं, ज्ञान परंपराओं, इतिहास, चिंतन पद्धतियों और सामर्थ्य को समझना तथा समकालीन संदर्भों में उनका रचनात्मक उपयोग करना है।
भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा में दर्शन, गणित, खगोल विज्ञान, चिकित्सा, कृषि, भाषा विज्ञान, स्थापत्य, योग, पर्यावरण और नैतिक चिंतन का समृद्ध भंडार उपलब्ध है। आवश्यकता है कि इस ज्ञान को
आधुनिक विज्ञान, तकनीक और शोध पद्धतियों के साथ संवाद में लाया जाए। विश्वविद्यालय इस दिशा में निम्नलिखित परिवर्तनकारी पहल कर सकते हैं—
a. भारतीय ज्ञान परंपरा का समेकित समावेश : सभी संकायों में भारतीय ज्ञान परंपरा को केवल एक पृथक विषय के रूप में नहीं, बल्कि विषयानुसार एकीकृत किया जाए। प्रबंधन में भारतीय नेतृत्व चिंतन, विज्ञान में प्राचीन वैज्ञानिक उपलब्धियाँ, साहित्य में भारतीय काव्यशास्त्र तथा पर्यावरण में पारंपरिक संरक्षण पद्धतियों का अध्ययन हो।
b. भारतीय भाषाओं में ज्ञान सृजन : शोध, अनुवाद, तकनीकी शब्दावली और डिजिटल सामग्री के विकास में भारतीय भाषाओं को प्रोत्साहन दिया जाए। ज्ञान का लोकतंत्रीकरण तभी संभव है जब वह समाज की भाषाओं में उपलब्ध हो।
c. स्वदेशी नवाचार एवं उद्यमिता : स्थानीय संसाधनों, हस्तशिल्प, कृषि उत्पादों, पारंपरिक तकनीकों और स्थानीय उद्योगों पर आधारित नवोद्यमों को प्रोत्साहित किया जाए।
d. महर्षि दयानन्द अध्ययन एवं अनुसंधान : सत्य, तर्क, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सामाजिक सुधार, शिक्षा और स्वावलंबन संबंधी महर्षि दयानन्द सरस्वती के विचारों पर आधुनिक शोध को प्रोत्साहन दिया जाए।
e. स्थानीय से वैश्विक ज्ञान प्रतिमान : राजस्थान के जल प्रबंधन, लोक वास्तुकला, पारंपरिक कृषि, लोक चिकित्सा, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत का वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण कर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया जाए।
f. कृत्रिम बुद्धिमत्ता और भारतीय ज्ञान परंपरा : कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से दुर्लभ पांडुलिपियों का अंकीयकरण, भारतीय भाषाओं का अनुवाद, लोक साहित्य का संरक्षण और पारंपरिक ज्ञान का व्यवस्थित अभिलेखीकरण किया जाए।
महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय नेइस दिशा में एक विशिष्ट पहचान विकसित की है। विश्वविद्यालय की वैदिक गुरुकुल अवधारणा, योग, भारतीय ज्ञान परंपरा, महर्षि दयानन्द सरस्वती के विचारों तथा मूल्य आधारित शिक्षा को आधुनिक शोध एवं तकनीकी नवाचार से जोड़कर एक विशिष्ट भारतीय ज्ञान एवं सभ्यता अध्ययन व्यवस्था विकसित की जा रही है। यहाँ स्व का बोध अतीत की पुनरावृत्ति नहीं, बल्कि अतीत के ज्ञान से भविष्य का निर्माण करने की प्रक्रिया से है।
5. नागरिक कर्तव्य : अधिकारों के साथ उत्तरदायित्व की चेतना
लोकतंत्र की सफलता केवल नागरिकों को प्राप्त अधिकारों पर निर्भर नहीं करती, बल्कि इस बात पर भी निर्भर करती है कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन कितनी ईमानदारी से करते हैं। संविधान के अनुच्छेद 51(क) में उल्लिखित मौलिक कर्तव्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र, समाज, पर्यावरण, सार्वजनिक संपत्ति, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और राष्ट्रीय एकता के प्रति उत्तरदायित्व का बोध कराते हैं।
विश्वविद्यालयों को नागरिक कर्तव्य को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखकर दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाना चाहिए। इसके लिए निम्नलिखित नवाचार उपयोगी हो सकते हैं—
a. उत्तरदायी नागरिक कार्यक्रम : प्रत्येक विद्यार्थी को अपने अध्ययनकाल में कम से कम एक सामुदायिक सेवा परियोजना पूरी करनी अनिवार्य हो।
b. व्यवहार में संविधान : संविधान, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों पर व्याख्यानों के साथ वास्तविक जीवन की परिस्थितियों पर आधारित गतिविधियाँ आयोजित की जाएँ।
c. सार्वजनिक संपत्ति हमारी साझा जिम्मेदारी : विद्यार्थियों में सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा, स्वच्छता, यातायात अनुशासन और सार्वजनिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की भावना विकसित की जाए।
d. डिजिटल नागरिकता : सामाजिक संचार माध्यमों पर जिम्मेदार व्यवहार, भ्रामक समाचारों की पहचान, साइबर सुरक्षा, डिजिटल नैतिकता और सूचनाओं की सत्यता की जाँच को नागरिक शिक्षा का हिस्सा बनाया जाए।
e. लोकतांत्रिक सहभागिता : विद्यार्थी संसद, युवा नीति संवाद, ग्रामसभा सहभागिता और स्थानीय प्रशासन के साथ संवाद के अवसर प्रदान किए जाएँ।
f. कर्तव्य आधारित परिसर संस्कृति : समयपालन, कार्य के प्रति ईमानदारी, अनुशासन, पारदर्शिता और संस्थागत संपत्ति के संरक्षण को विश्वविद्यालय की कार्यसंस्कृति का अनिवार्य अंग बनाया जाए।
महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय अपने विद्यार्थी कल्याण कार्यक्रमों, राष्ट्रीय सेवा योजना,योग, स्वच्छता और सामुदायिक सहभागिता को एक साझा नागरिक उत्तरदायित्व अभियान के अंतर्गत संगठित करता है।
6. महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय : पंच परिवर्तन का जीवंत राष्ट्रीय प्रतिमान
महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के पास पंच परिवर्तन को केवल एक वैचारिक अभियान के रूप में नहीं, बल्कि संस्थागत कार्यसंस्कृति के रूप में विकसित करने की पर्याप्त संभावनाएँ हैं। विश्वविद्यालय की पहचान उसके शैक्षणिक परिणामों के साथ-साथ उसके सामाजिक प्रभाव, सांस्कृतिक चेतना, पर्यावरणीय प्रतिबद्धता और नागरिक निर्माण से भी निर्धारित होनी चाहिए। इसके लिए एक समेकित महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय पंच परिवर्तन अभियान प्रारंभ किया जा सकता है, जिसके अंतर्गत पाँचों आयामों को विश्वविद्यालय की गतिविधियों से जोड़ा जाए। इस अभियान के कुछ विशिष्ट नवाचार निम्नलिखित हो सकते हैं—
a. पंच परिवर्तन शैक्षणिक क्रेडिट प्रतिमान : राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप विद्यार्थियों के लिए सामुदायिक सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, पारिवारिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों से संबंधित गतिविधियों को मूल्य संवर्धन एवं अनुभवात्मक अधिगम के माध्यम से शैक्षणिक क्रेडिट से जोड़ने की संभावनाएँ विकसित की जाएँ।
b. एक विभाग–एक सामाजिक परिवर्तन परियोजना : प्रत्येक विभाग अपने विषय के अनुरूप एक वार्षिक सामाजिक परियोजना अपनाए। उदाहरण के लिए, हिन्दी विभाग लोक साहित्य का संरक्षण करे, विज्ञान विभाग जल परीक्षण करे, वाणिज्य विभाग वित्तीय साक्षरता बढ़ाए, प्रबंधन विभाग स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहित करे और शिक्षा विभाग विद्यालयों में मूल्य आधारित शिक्षा का प्रसार करे।
c. पंच परिवर्तन नवाचार केंद्र : विश्वविद्यालय में एक अंतर्विषयी केंद्र स्थापित किया जाए, जहाँ विद्यार्थी, शोधार्थी, शिक्षक, सामाजिक संगठन, उद्योग और स्थानीय प्रशासन मिलकर सामाजिक समस्याओं के व्यावहारिक समाधान विकसित करें।
d. पंच परिवर्तन ग्राम एवं नगर अभियान : विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पाँचों परिवर्तनों के अनुरूप कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाए। प्रत्येक वर्ष उनके कार्यों का सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन हो।
e . पंच परिवर्तन सूचकांक : विश्वविद्यालय एक वार्षिक सूचकांक विकसित करे, जिसके अंतर्गत सामाजिक समरसता, पर्यावरणीय प्रदर्शन, नागरिक सहभागिता, सांस्कृतिक जागरूकता और सामुदायिक उत्तरदायित्व को मापा जाए। इससे केवल गतिविधियों की संख्या नहीं, बल्कि वास्तविक परिवर्तन का आकलन संभव होगा।
f. पंच परिवर्तन अंकीय प्रगति पट्ट : विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर एक अंकीय मंच बनाया जाए, जहाँ विभागों, महाविद्यालयों और विद्यार्थियों की गतिविधियों, उपलब्धियों, प्रभावों और श्रेष्ठ नवाचारों का अभिलेखन हो।
g. पंच परिवर्तन वार्षिक महोत्सव : प्रत्येक वर्ष विश्वविद्यालय में एक राष्ट्रीय स्तर का पंच परिवर्तन सम्मेलन आयोजित किया जाए, जिसमें शिक्षाविदों, नीति निर्माताओं, सामाजिक संगठनों, युवाओं और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए।
7. विश्वविद्यालय : ज्ञान के केंद्र से राष्ट्रीय चरित्र निर्माण के केंद्र तक
आज विश्वविद्यालयों के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती यह है कि वे शिक्षा को केवल रोजगार प्राप्ति का माध्यम न बनने दें। रोजगारपरक शिक्षा आवश्यक है, लेकिन शिक्षा का उद्देश्य इससे कहीं अधिक व्यापक है। उसे विवेकशील, संवेदनशील, आत्मनिर्भर, नैतिक और उत्तरदायी नागरिक भी तैयार करने चाहिए।
पंच परिवर्तन इस व्यापक उद्देश्य को एक व्यावहारिक दिशा प्रदान करता है। यह शिक्षा को समाज से, ज्ञान को जीवन से, संस्कृति को आधुनिकता से और व्यक्तिगत उपलब्धि को सामूहिक उत्तरदायित्व से जोड़ता है।
महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय जैसे संस्थान इस परिवर्तन के प्रभावी वाहक बन सकते हैं। विश्वविद्यालय का परिसर एक ऐसा जीवंत उदाहरण बने जहाँ सामाजिक समरसता व्यवहार में दिखाई दे, परिवार के प्रति सम्मान जीवनशैली का हिस्सा हो, पर्यावरण संरक्षण संस्थागत प्रतिबद्धता बने, भारतीय ज्ञान परंपरा आधुनिक शोध से जुड़े और नागरिक कर्तव्य प्रत्येक व्यक्ति के आचरण में प्रतिबिंबित हों।
इस दिशा में कुलपति, शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी, अभिभावक, पूर्व विद्यार्थी और संबद्ध महाविद्यालय सभी की सहभागिता आवश्यक है। पंच परिवर्तन किसी एक विभाग अथवा समिति का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे विश्वविद्यालय की साझा प्रतिबद्धता होना चाहिए।
निष्कर्षत: विकसित भारत का स्वप्न केवल आर्थिक और तकनीकी रूप से शक्तिशाली राष्ट्र के निर्माण का स्वप्न नहीं है। यह ऐसे भारत का स्वप्न है जो ज्ञानवान होने के साथ संस्कारवान, आधुनिक होने के साथ अपनी जड़ों से जुड़ा हुआ, समृद्ध होने के साथ संवेदनशील और शक्तिशाली होने के साथ उत्तरदायी भी हो। पंच परिवर्तन इसी समग्र राष्ट्रीय विकास का सामाजिक एवं नैतिक आधार प्रस्तुत करता है। सामाजिक समरसता समाज को जोड़ती है, कुटुंब प्रबोधन संस्कारों को सुदृढ़ करता है, पर्यावरण संरक्षण भविष्य की पीढ़ियों को सुरक्षित करता है, स्व का बोध सांस्कृतिक आत्मविश्वास प्रदान करता है और नागरिक कर्तव्य लोकतंत्र को मजबूत बनाते हैं। विश्वविद्यालयों को इस परिवर्तन का नेतृत्व करना होगा। उन्हें केवल ज्ञान का प्रसारक नहीं, बल्कि समाज के पुनर्निर्माण का सक्रिय सहभागी बनना होगा। महर्षि दयानन्द सरस्वती की सत्य, विवेक, शिक्षा और सामाजिक सुधार की प्रेरणा से संचालित महर्षि दयानन्द सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर पंच परिवर्तन को एक संस्थागत आंदोलन का स्वरूप दे सकता है। इसके माध्यम से विश्वविद्यालय अपने परिसर से निकलकर गाँवों, कस्बों, नगरों और व्यापक समाज तक सकारात्मक परिवर्तन की चेतना पहुँचा सकता है।
वास्तविक परिवर्तन तब होगा जब पंच परिवर्तन विश्वविद्यालय के कार्यक्रमों तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों के व्यवहार, परिवारों के संस्कार, समाज की कार्यसंस्कृति और राष्ट्र के सामूहिक चरित्र का हिस्सा बन जाएगा। अंततः, पंच परिवर्तन का सार पाँच संकल्पों में निहित है—समरस समाज, संस्कारित परिवार, संरक्षित प्रकृति, आत्मगौरव से युक्त राष्ट्र और कर्तव्यनिष्ठ नागरिक। यही पंच परिवर्तन की सार्थकता है और यही विकसित, आत्मनिर्भर, समरस एवं सशक्त भारत के निर्माण का मार्ग भी है।
प्रो सुरेश कुमार अग्रवाल
कुलगुरु
महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर








