Explore

Search

November 12, 2026 2:11 pm

लेटेस्ट न्यूज़

जयपुर में हिस्ट्रीशीटर की हत्या: पिता की मौत का बदला लेने के लिए इंजीनियर ने रची साजिश, कुल्हाड़ी से वार कर उतारा मौत के घाट, हत्या के बाद मंदिर पहुंचे थे आरोपी

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email
जयपुर। जयपुर के करधनी थाना इलाके में हिस्ट्रीशीटर विजय चौधरी उर्फ विजय बाजिया (25) की हत्या के मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कैंपर गाड़ी भी जब्त कर ली है। चारों आरोपियों को करधनी थाने के पास से पकड़ा गया।

बताया जा रहा है कि हत्या के बाद आरोपी करधनी इलाके के ही एक मंदिर में पहुंचे थे। वहां भगवान के सामने हाथ जोड़ने के बाद वे थाने पहुंचे और आत्मसमर्पण कर दिया। हालांकि, पुलिस ने इस घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

हत्या की साजिश का मुख्य आरोपी अनीश गोल्या उर्फ जग्गू (21) इंजीनियर है। उसने जयपुर के एक निजी कॉलेज से बीटेक किया था और करीब पांच महीने पहले तक शहर की एक कॉर्पोरेट कंपनी में नौकरी कर रहा था। पुलिस के अनुसार, उसने अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए विजय की हत्या की पूरी योजना बनाई थी।

बुधवार रात करधनी के जगदम्बा नगर में आरोपियों ने विजय की फॉर्च्यूनर को कैंपर गाड़ी से टक्कर मारकर रोका था। जब विजय जान बचाने के लिए गाड़ी से उतरकर भागने लगा, तो आरोपियों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। विजय मूल रूप से जोबनेर के तिबारियां गांव का रहने वाला था।

हत्या के बाद करधनी में ही छिपे थे चारों आरोपी

डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि मामले में अनीश गोल्या उर्फ जग्गू, कमलेश गोल्या उर्फ कमल उर्फ जोरू (23), युवराज चौधरी (23) और दिनेश चौधरी उर्फ दीनू (23) को गिरफ्तार किया गया है। चारों आरोपी जोबनेर के रहने वाले हैं।

पुलिस को गुरुवार सुबह करीब 4 बजे सूचना मिली थी कि आरोपी करधनी इलाके में ही छिपे हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने उनकी लोकेशन ट्रेस की और पीछा कर चारों को गिरफ्तार कर लिया।

वारदात का वीडियो बनाने वाले की डीसीपी ने की तारीफ

डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने हत्या की घटना का वीडियो बनाने वाले व्यक्ति की सराहना की। उन्होंने बताया कि संबंधित व्यक्ति ने छत से पूरी वारदात का वीडियो रिकॉर्ड किया। इतना ही नहीं, उसने आरोपियों से किसी तरह की जान-पहचान नहीं होने के बावजूद उन्हें रोकने और वहां से हटाने का प्रयास भी किया।

हत्या वाले दिन ही खरीदी थी कुल्हाड़ी

पुलिस की जांच में सामने आया कि करीब सात साल पहले, 2019 में विजय बाजिया और उसके साथियों ने जोबनेर इलाके में अनीश के पिता कैलाश गोल्या की हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही थी।

वारदात वाले दिन भी विजय और अनीश के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। इसके बाद अनीश ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर विजय को सबक सिखाने की योजना बनाई। चारों आरोपियों ने हत्या की वारदात को अंजाम देने से पहले कुल्हाड़ी खरीदी थी।

इसके बाद उन्होंने विजय का पीछा किया और उसकी फॉर्च्यूनर को अपनी कैंपर गाड़ी से टक्कर मारकर रोक दिया। टक्कर के कारण विजय की गाड़ी खराब हो गई। वह जान बचाने के लिए गाड़ी से उतरकर भागने लगा, तभी आरोपियों ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में उसकी मौत हो गई।

हिस्ट्रीशीटर पर दर्ज थे 15 आपराधिक मामले

डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के अनुसार, विजय जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ जोबनेर, कालवाड़ और करधनी थानों में कुल 15 आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें हत्या के दो मामले भी शामिल थे। वह करीब 10 साल से अपराध की दुनिया में सक्रिय था। पुलिस के मुताबिक, उसके कई गैंग से भी संपर्क थे।

विजय पिछले काफी समय से कालवाड़ इलाके में किराए का फ्लैट लेकर रह रहा था और प्रॉपर्टी का कारोबार कर रहा था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पुरानी रंजिश के चलते उस पर पहले भी कई बार हमले हो चुके थे।

सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था विजय

विजय बाजिया हाल ही में खेजड़ावास ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। इसके लिए उसने इलाके में पोस्टर भी लगवाए थे। हालांकि, उसकी आपराधिक छवि और उसके खिलाफ दर्ज मुकदमों के चलते गांव के लोगों ने उसे चुनाव मैदान में उतरने नहीं दिया।

 

Rajesh Bhagtani
Author: Rajesh Bhagtani

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर