उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले पश्चिमी यूपी में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं और बड़े नेता जनता के बीच पहुंचकर अपनी ताकत दिखाने में जुट गए हैं। इसी बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति का केंद्र मेरठ बनने जा रहा है। शनिवार, 14 नवंबर को यहां एक ही दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की रैलियां होने जा रही हैं।
खास बात यह है कि सीएम योगी आदित्यनाथ दोपहर में मेरठ में जनसभा करेंगे, जबकि असदुद्दीन ओवैसी शाम को नौचंदी मैदान में अपनी रैली को संबोधित करेंगे। दोनों नेताओं की एक ही दिन मौजूदगी ने पश्चिमी यूपी का सियासी पारा बढ़ा दिया है। इन कार्यक्रमों को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है।
दोपहर में CM योगी दिखाएंगे ताकत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरठ में पूर्व सैनिकों की मेगा रैली में शामिल होंगे। पश्चिम उत्तर प्रदेश सब एरिया की ओर से माल रोड स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में इस रैली का आयोजन किया जा रहा है। इसमें मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर और बिजनौर के पूर्व सैनिक, वीर नारियां और उनके परिवार शामिल होंगे।
इस कार्यक्रम में पेंशन, बैंकिंग, चिकित्सा, कैंटीन और रोजगार से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। योगी के इस दौरे को पश्चिमी यूपी में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।
शाम को ओवैसी भरेंगे चुनावी हुंकार
दूसरी तरफ AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी भी 14 नवंबर को मेरठ के नौचंदी मैदान में बड़ी जनसभा करने जा रहे हैं। पश्चिमी यूपी में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के लिए ओवैसी लगातार सक्रिय हैं। शामली और रामपुर में रैलियों के बाद अब मेरठ में उनकी जनसभा होने जा रही है।
ओवैसी अपनी रैली में मुस्लिम समुदाय को राजनीतिक रूप से एकजुट करने और सत्ता में अपनी भागीदारी बढ़ाने का संदेश दे सकते हैं। उनके निशाने पर सत्ताधारी दल के साथ विपक्षी पार्टियां भी रह सकती हैं।
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन की चर्चा
इस बीच असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद के बीच संभावित गठबंधन को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। अगर दोनों दलों के बीच गठबंधन होता है तो पश्चिमी यूपी के चुनावी समीकरणों पर इसका असर पड़ सकता है।
2027 चुनाव से पहले मेरठ पर सबकी नजर
पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में मेरठ की अहम भूमिका रही है। यहां मुस्लिम और दलित मतदाताओं की अच्छी संख्या होने के कारण राजनीतिक दल इस क्षेत्र को काफी महत्वपूर्ण मानते हैं। ऐसे में एक ही दिन योगी आदित्यनाथ और ओवैसी की रैलियां राजनीतिक रूप से चर्चा का विषय बन गई हैं।
अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि दोनों नेता अपनी सभाओं में किन मुद्दों को उठाते हैं और उनके बयानों का पश्चिमी यूपी की राजनीति पर क्या असर पड़ता है।








