नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण पार्ट वन’ को लेकर दर्शकों में जबर्दस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। आगामी 5 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही इस फिल्म की एडवांस बुकिंग में भारी उछाल दर्ज किया गया है और रिलीज से 10 दिन पहले ही देश के कई थिएटर्स में शो तेजी से हाउसफुल होने लगे हैं। विजयादशमी के अवसर पर शुरू हुई अग्रिम टिकट बिक्री ने महज पांच दिनों में ही रिकॉर्ड तोड़ रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की एडवांस बुकिंग का आंकड़ा पहले ही 8.72 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है और अब तक करीब 2 लाख टिकटें बिक चुकी हैं।
‘रामायण’ की अग्रिम कमाई में प्रीमियम फॉर्मेट्स, खासकर आईमैक्स (IMAX) का सबसे बड़ा योगदान देखने को मिल रहा है। देशभर में फिल्म के कुल शो में से केवल 3.8 प्रतिशत शो ही आईमैक्स फॉर्मेट में हैं, लेकिन अब तक की कुल एडवांस बुकिंग कमाई में इस फॉर्मेट की हिस्सेदारी लगभग 25 प्रतिशत रही है। आईमैक्स में औसत टिकट की कीमत 1095 रुपये होने के बावजूद दर्शकों में भारी दीवानगी देखी जा रही है। जहां सामान्य 2D और 3D शो में प्रति स्क्रीन औसतन 35 टिकट बिके हैं, वहीं आईमैक्स शो में प्रति स्क्रीन औसतन 170 टिकटों की बिक्री हुई है, जो कि सामान्य शो के मुकाबले लगभग 5 गुना (400% अधिक) है। 4DX, ICE और डॉल्बी सिने जैसे अन्य स्पेशल फॉर्मेट्स में भी अब तक 12,000 से अधिक टिकट बिक चुके हैं।
फिलहाल कुल एडवांस बुकिंग में हिंदी भाषा का दबदबा 87 प्रतिशत तक बना हुआ है, वहीं कन्नड़ और तेलुगु वर्जनों में भी रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। लगभग 100 स्क्रीनों पर खुले कन्नड़ वर्जन की अग्रिम कमाई 1 करोड़ रुपये के करीब पहुंच रही है, जिसमें सुबह के शो में 72 प्रतिशत तक की ऑक्यूपेंसी दर्ज की जा रही है। नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस द्वारा निर्मित यह फिल्म दो भागों में बनाई जा रही है। पहले भाग में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल भगवान हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को और दूसरा भाग दिवाली 2027 पर दुनिया भर में रिलीज किया जाएगा।








