जयपुर स्थापना दिवस के 300वें वर्ष में प्रवेश करने पर आज पढ़िए; जयपुर की ज्वेलरी और नगीना कारोबार : हुनर की चमक से दुनिया को रोशन करता ये गुलाबी शहर…..
पन्ने की चमक, कुंदन-मीनाकारी का वैभव और जड़ाऊ आभूषणों की बेजोड़ कारीगरी… रामलला के दिव्य श्रृंगार से विश्व कप ट्रॉफी तक, जयपुर के हुनर ने दुनिया में बनाई विशिष्ट पहचान।
जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर की पहचान उसके भव्य महलों, ऐतिहासिक इमारतों और स्थापत्य वैभव तक सीमित नहीं है। इस शहर की एक ऐसी विरासत भी है, जिसकी चमक सात समंदर पार तक पहुंची है। यह विरासत है रत्नों और आभूषणों की कला। यहां साधारण पत्थर को तराशकर अनमोल नगीना बनाने से लेकर सोने पर कुंदन जड़ने और रंगों से मीनाकारी उकेरने तक, शिल्पकला का अद्भुत संसार पीढ़ियों से जीवंत है। जयपुर का जौहरी बाजार इसी हुनर, परंपरा और व्यापारिक समृद्धि का प्रतीक है। जयपुर के 299वें स्थापना दिवस की विशेष आलेख श्रृंखला में शहर की इस अनमोल विरासत को जानना एक ऐसी यात्रा है, जिसमें इतिहास, कला, व्यापार और कारीगरों का असाधारण कौशल एक साथ दिखाई देता है।
सवाई जयसिंह की दूरदृष्टि से रत्न नगरी का उदय
महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने 1727 में जयपुर की स्थापना करते समय इसे केवल एक राजधानी नहीं, बल्कि कला, संस्कृति, ज्ञान और व्यापार का समृद्ध केंद्र बनाने की परिकल्पना की थी। इसी सोच के तहत देश के विभिन्न हिस्सों से विद्वानों, कलाकारों और हुनरमंद शिल्पकारों को यहां आमंत्रित किया गया। दिल्ली, आगरा और वाराणसी सहित अनेक क्षेत्रों से आए रत्न एवं आभूषण विशेषज्ञों ने जयपुर को अपना कर्मक्षेत्र बनाया। धीरे-धीरे उनकी पारिवारिक शिल्प परंपराएं यहां के स्थानीय हुनर से जुड़कर एक विशिष्ट उद्योग में विकसित हो गईं। शहर के प्रमुख बाजार का नाम जौहरी बाजार और केंद्रीय चौपड़ का नाम माणक चौक रखा जाना भी इस व्यापारिक विरासत का परिचायक है। ये नाम बताते हैं कि रत्नाभूषण कारोबार जयपुर की मूल नगर परिकल्पना का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है।

जौहरी घरानों ने गढ़ी वैश्विक पहचान
जयपुर के रत्न कारोबार को प्रतिष्ठा दिलाने में मुकीम, मालपाणी, फोफलिया, जरगड़, संघी और अज्जा मियां जैसे प्रतिष्ठित जौहरी घरानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बाद में धांधिया, बैराठी और मूसल परिवारों ने भी इस परंपरा को विस्तार दिया। लाला काशीनाथ, किशनचंद हरचंद सीघड़, रतनलाल फोफलिया, सुजानमल डाबड़ा, सुंदरलाल ठोलिया, श्रीचंद गोलेछा, गुलाबचंद बोथरा, जतनमल नौलखा और राजरूप टांक जैसे नाम इस कारोबार के इतिहास से जुड़े रहे हैं। गुजरात के मौरवी से आए विनयचंद भाई दुर्लभजी और खेलशंकर दुर्लभजी का योगदान भी उल्लेखनीय रहा।
इन परिवारों और प्रतिष्ठानों ने केवल व्यापार नहीं बढ़ाया, बल्कि पारंपरिक शिल्प को संरक्षण देकर जयपुर को अंतरराष्ट्रीय रत्न बाजार में विशिष्ट स्थान दिलाया।

पन्ने की चमक से दुनिया में पहचान
जयपुर विश्व के प्रमुख रंगीन रत्न केंद्रों में शामिल है। विशेष रूप से पन्ने की कटाई, तराश और प्रसंस्करण के लिए इसकी अंतरराष्ट्रीय पहचान रही है। दुनिया के विभिन्न हिस्सों से कच्चे रत्न यहां पहुंचते हैं और कुशल कारीगर उन्हें अपनी कला से निखारकर आभूषणों तथा वैश्विक बाजार की मांग के अनुरूप तैयार करते हैं। पन्ने के साथ माणक, नीलम, पुखराज, फिरोजा और अन्य रंगीन रत्नों की तराश में भी जयपुर के कारीगरों का कौशल प्रसिद्ध है।इस उद्योग की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सूक्ष्मता है। आकार, कोण और चमक में मामूली अंतर भी किसी रत्न की सुंदरता और कीमत बदल सकता है। एक रत्ती जैसे छोटे वजन में सैकड़ों बारीक नगीनों को तराशने की क्षमता यहां के कारीगरों के असाधारण हुनर का प्रमाण है। परंपरागत औजारों, पैनी दृष्टि और वर्षों के अभ्यास से विकसित यह कला आज भी जयपुर की सबसे बड़ी पूंजी है।
कुंदन-मीनाकारी में बसता है शाही वैभव
रत्नों को तराशने के साथ उन्हें आभूषणों में जड़ने की कला ने भी जयपुर को अलग पहचान दी है। यहां के कुंदन, मीनाकारी और जड़ाऊ स्वर्ण आभूषण अपनी बारीक कारीगरी, रंगों के संयोजन और पारंपरिक डिजाइन के लिए विख्यात हैं। कुंदन जड़ाई में रत्नों को सोने की सतह पर कलात्मक ढंग से स्थापित किया जाता है, जबकि मीनाकारी आभूषणों को रंगीन आकृतियों और नक्काशी से जीवंत बनाती है। इन दोनों कलाओं का संगम किसी आभूषण को संग्रहणीय कलाकृति का स्वरूप दे देता है। राजघरानों के पारंपरिक श्रृंगार से लेकर आधुनिक फैशन और भव्य विवाह समारोहों तक जयपुर के शिल्पकारों ने अपनी कला का परचम लहराया है।
रामलला के आभूषणों से विश्व कप ट्रॉफी तक
जयपुर की शिल्पकला की प्रतिष्ठा का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसका विस्तार धार्मिक आस्था, खेल और सिनेमा की दुनिया तक है। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के विग्रह के लिए तैयार किए गए दिव्य आभूषणों में जयपुर के प्रसिद्ध ज्वेलरी कारीगरों का योगदान इस शहर के लिए गौरव का विषय है। इसी तरह क्रिकेट विश्व कप की ट्रॉफी के निर्माण से जुड़ी जयपुर की कारीगरी ने अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में भी शहर के हुनर की छाप छोड़ी है।
भारतीय सिनेमा की ऐतिहासिक और भव्य पृष्ठभूमि वाली चर्चित फिल्मों में कलाकारों द्वारा पहने गए राजसी आभूषणों के निर्माण में भी जयपुर के जौहरियों और कारीगरों की भूमिका रही है। इस तरह मंदिरों के दिव्य श्रृंगार से लेकर क्रिकेट के मैदान और सिनेमा के पर्दे तक जयपुर की कला अपनी विशिष्ट चमक बिखेर रही है।
राजाश्रय और संस्थागत प्रयासों ने दिया विस्तार
जयपुर के शासकों ने रत्न एवं आभूषण कारोबार को संरक्षण और प्रोत्साहन दिया। राजपरिवार की खरीदारी में स्थानीय जौहरियों को प्राथमिकता मिलने तथा कारोबारियों को राजकोष से ऋण उपलब्ध कराने जैसी व्यवस्थाओं ने उद्योग को मजबूती दी। नगीना तराशने वाले, जड़ाई करने वाले और मीनाकार भी इस संरक्षण से लाभान्वित हुए। समय के साथ कारोबार को संगठित स्वरूप देने के प्रयास हुए और 1927 में ज्वैलर्स एसोसिएशन का गठन किया गया। रत्नों की शुद्धता जांचने के लिए परीक्षण प्रयोगशालाओं, धर्मकांटों तथा प्रशिक्षण सुविधाओं का विकास हुआ। जैम एंड ज्वेलरी इंफॉर्मेशन सेंटर ऑफ इंडिया और जैम एंड ज्वेलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल जैसी संस्थाओं ने तकनीकी जानकारी, गुणवत्ता संवर्धन और निर्यात को प्रोत्साहित करने में भूमिका निभाई।

चुनौतियों के बीच भविष्य की नई संभावनाएं
समृद्ध विरासत के बावजूद जयपुर का रत्नाभूषण उद्योग आज कई चुनौतियों से गुजर रहा है। वैश्विक प्रतिस्पर्धा, आधुनिक मशीनों का बढ़ता उपयोग, कच्चे माल की उपलब्धता और बदलती बाजार मांग ने कारोबार की प्रकृति बदल दी है। थाईलैंड, श्रीलंका और इजरायल जैसे देशों ने रत्न प्रसंस्करण में तकनीकी क्षमताएं बढ़ाई हैं। वहीं सूरत जैसे शहरों में रोजगार के बेहतर अवसर मिलने से जयपुर के कुछ कुशल कारीगर दूसरे क्षेत्रों की ओर जा रहे हैं। इससे पारंपरिक हुनर को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की चुनौती भी बढ़ी है। आवश्यकता है कि कारीगरों को आधुनिक उपकरण, कौशल प्रशिक्षण, उचित पारिश्रमिक और सामाजिक सुरक्षा मिले। डिजिटल मार्केटिंग, ई-कॉमर्स, गुणवत्ता परीक्षण और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक सीधी पहुंच के माध्यम से इस उद्योग को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है। ज्वेलरी हेरिटेज वॉक, शिल्प प्रदर्शन और कार्यशालाओं के भ्रमण जैसी गतिविधियां पर्यटन को भी इस विरासत से जोड़ सकती हैं।
–जौहरी बाजार की चमक में छिपी है 299 साल की विरासत
जयपुर की 299 वर्षों की विकास यात्रा में रत्न और आभूषण उद्योग ऐसा अध्याय है, जिसने शहर की पहचान को वैश्विक विस्तार दिया। जौहरी बाजार की दुकानों में सजे पन्ने-माणक और कुंदन-मीनाकारी के आभूषण केवल बहुमूल्य वस्तुएं नहीं, बल्कि पीढ़ियों के अनुभव, समर्पण और कलात्मक साधना के प्रतीक हैं।
महाराजा सवाई जयसिंह की दूरदृष्टि से शुरू हुई यह यात्रा आज विश्व बाजार तक पहुंच चुकी है। जरूरत है कि इस अनमोल विरासत को अतीत का गौरव मानकर ही न छोड़ दिया जाए, बल्कि आधुनिक तकनीक, नवाचार और कुशल कारीगरों के संरक्षण के साथ भविष्य की आर्थिक शक्ति बनाया जाए।
क्योंकि जयपुर की असली चमक केवल उसकी गुलाबी इमारतों में नहीं, बल्कि उन हुनरमंद हाथों में भी बसती है, जो साधारण पत्थर को नगीना और धातु को बेजोड़ कलाकृति बना देते हैं। यही हुनर दुनिया को बताता है- जयपुर की चमक सचमुच बेमिसाल है।

लेखक
डॉ गोरधन लाल शर्मा
राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त लेखक, समाजशास्त्री एवं राजस्थान प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी








