Explore

Search

October 31, 2026 6:09 pm

उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से रचाई शादी, सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा कर दी खुशखबरी

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

श्रीनगर/नई दिल्ली | जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान के साथ शादी कर ली है। उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा करते हुए अपने जीवन के नए अध्याय की जानकारी सार्वजनिक की। उमर अब्दुल्ला ने इंस्टाग्राम पर निधि राजदान को टैग करते हुए लिखा, ‘कल एक नया सफर शुरू हुआ।’ उनकी इस पोस्ट के सामने आने के बाद दोनों की शादी की खबर चर्चा का विषय बन गई है। मीडिया में प्रकाशित जानकारी के मुताबिक, दोनों ने 30 अक्टूबर को शादी से जुड़ी रस्में पूरी की थीं। इसके अगले दिन उमर अब्दुल्ला ने तस्वीर साझा कर इस रिश्ते की जानकारी लोगों के साथ साझा की।

उमर अब्दुल्ला के जीवन में यह नया रिश्ता उनकी पहली पत्नी पायल अब्दुल्ला से विवाह समाप्त करने पर सहमति बनने के करीब तीन महीने बाद सामने आया है। 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट में दोनों पक्षों की ओर से आपसी सहमति से विवाह खत्म करने की जानकारी दी गई थी। अदालत में सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने बताया था कि उमर अब्दुल्ला और पायल अपने आपसी मतभेदों को सुलझाने के लिए सहमत हो गए हैं। इसके साथ ही दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ लंबित मामलों को वापस लेने पर भी सहमति जताई थी। दोनों पक्षों ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत विवाह समाप्त करने की मांग की थी।

1994 में हुई थी उमर अब्दुल्ला और पायल की शादी

उमर अब्दुल्ला और उनकी पहली पत्नी पायल अब्दुल्ला की मुलाकात दिल्ली के ओबेरॉय होटल में हुई थी। उस समय दोनों होटल में कार्यरत थे। मुलाकात के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वर्ष 1994 में उन्होंने विवाह कर लिया। इस शादी से उनके दो बेटे हैं, जिनके नाम जहीर और जमीर हैं। हालांकि, समय के साथ दोनों के रिश्तों में दूरियां बढ़ती गईं। वर्ष 2009 से उमर और पायल अलग-अलग रह रहे थे। इसके बाद उमर अब्दुल्ला ने वर्ष 2011 में सार्वजनिक रूप से अपने अलग रहने की बात स्वीकार की थी।

दिल्ली हाईकोर्ट से सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था तलाक का मामला

उमर अब्दुल्ला और पायल अब्दुल्ला के विवाह को कानूनी रूप से समाप्त करने का मामला पहले दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचा था। वहां से अपेक्षित राहत नहीं मिलने के बाद उमर अब्दुल्ला ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। लंबे समय तक चले कानूनी घटनाक्रम के बाद आखिरकार दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनी। इसके तहत विवाह समाप्त करने के साथ एक-दूसरे के खिलाफ लंबित मामलों को वापस लेने पर भी सहमति जताई गई।

अब पत्रकार निधि राजदान के साथ शादी की जानकारी साझा कर उमर अब्दुल्ला ने अपने जीवन की नई शुरुआत का ऐलान किया है। सोशल मीडिया पर उनकी पोस्ट सामने आने के बाद इस खबर को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है।

Rajesh Bhagtani
Author: Rajesh Bhagtani

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर