इंदौर| 19 अप्रैल 2026 – लाइफ केयर हॉस्पिटल एवं लाइफ केयर हेल्थ फिटनेस के संयुक्त तत्वावधान में जिम्मी मगिलिगन सस्टेनेबल डेवलपमेंट वीक के अंतर्गत आज “लोगों और पर्यावरण के स्वास्थ्य के लिए ऑर्गेनिक फूड और प्रदूषणमुक्त जीवन” विषय पर एक प्रभावशाली संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पद्मश्री सम्मानित डॉ. जनक पलता मगिलिगन रही। अपने संबोधन में उन्होंने प्रकृति-आधारित और संयमित जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा, “मैं कई वर्षों से आदिवासी महिलाओं के साथ ऑर्गेनिक जीवनशैली पर काम कर रही हूँ। इन प्रयासों का परिणाम यह है कि आज वे महिलाएँ लगभग आत्मनिर्भर हो चुकी हैं। केवल दो-तीन जरूरी चीजों को छोड़कर बाकी सारी दैनिक जरूरतें वे प्राकृतिक और स्थानीय संसाधनों से पूरी कर लेती हैं।”
डॉ. जनक पलता मगिलिगन ने आगे कहा कि ऑर्गेनिक जीवनशैली न सिर्फ व्यक्तिगत स्वास्थ्य सुधारती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।
महिलाओं और आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य पर जोर
इस अवसर पर स्त्री रोग एवं बांझपन विशेषज्ञ डॉ. ब्रजबाला तिवारी ने महिलाओं के स्वास्थ्य, परिवार की समग्र सेहत और भविष्य की पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए ऑर्गेनिक भोजन के महत्व पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने कहा, “संतुलित और शुद्ध भोजन स्वस्थ समाज की आधारशिला है। प्रदूषण-मुक्त जीवनशैली अपनाकर हम जीवनशैली जनित अनेक रोगों से बच सकते हैं।”
वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. भरत रावत ने स्वस्थ हृदय के लिए व्यावहारिक सुझाव देते हुए कहा कि नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, तनाव नियंत्रण और प्रदूषण-मुक्त, जीरो वेस्ट जीवनशैली हृदय स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
बड़ी संख्या में नागरिकों ने लिया भाग
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और विषय पर गहरी रुचि दिखाई। आयोजकों ने इस आयोजन को समाज में स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
डॉ. ब्रजबाला तिवारी, जो लाइफ केयर हॉस्पिटल की निदेशिका भी हैं, ने कार्यक्रम की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के माध्यम से स्वास्थ्य और पर्यावरण जागरूकता का संदेश लगातार फैलाया जाएगा।







