प्रतापगढ़। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिलेभर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों के तहत आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को पंचायत समिति धमोत्तर की ग्राम पंचायत सरीपीपली में आयोजित शिविर में राजस्व संबंधी प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया।
ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान पात्र 5 लाभार्थी को वीबी रामजी योजना के तहत जॉब कार्ड जारी किये है और विभिन्न लाभार्थी के जन्म प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र जारी किये एवं विभिन्न योजनाओ में लाभार्थी को लाभ प्रदान किया व सभी लाभार्थियों ने राज्य सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को विकसित भारत जी राम जी योजना सहित राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभों के संबंध में भी ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से प्रशासन द्वारा राजस्व प्रकरणों का त्वरित निस्तारण, पट्टा वितरण तथा जनहितकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ सहज एवं पारदर्शी रूप से उपलब्ध हो रहा है।
शिविर में विकास अधिकारी राकेश कुमार निनामा, गिरदावर सुल्तान सिंह, ग्राम विकास अधिकारी सुरेश गायरी, पटवारी रामचंद्र मीणा, पटवारी अभिषेक कुमावत एवं गोपाल मीणा, महिला अधिकारिकता ब्लॉक सुपरवाईजर दीपशिखा बिलावल, वरिष्ठ सहायक रामचंद्र मीणा, कनिष्ठ सहायक नाथुलाल मीणा एवं विभिन्न विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर के दौरान विकास अधिकारी एवं समस्त कार्मिक ने एक पेड़ माँ के नाम का संदेश देने के लिए पौधारोपण कर अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की।








