Explore

Search

November 1, 2026 7:48 pm

5वें टी20 में भारत की हार: 10वें ओवर के बाद श्रेयस अय्यर के हैरान करने वाले फैसले से हाथ से छूटा मैच

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

मुंबई। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली गई पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के पांचवें व अंतिम मुकाबले में भारतीय टीम को 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 191 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने 192 रनों के लक्ष्य को बेहद आसानी से 18वें ओवर में ही महज 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। हालांकि इस हार के बावजूद भारतीय टीम ने 5 मैचों की सीरीज को 3-2 से अपने नाम कर लिया है।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत काफी मजबूत रही और टीम ने 8 ओवरों में 1 विकेट पर 81 रन बना लिए थे। मैच का रुख 9वें ओवर में बदलता हुआ दिखा जब स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने शानदार गेंदबाजी करते हुए खतरनाक दिख रहे डेरिल मिचेल (29 रन) को पवेलियन का रास्ता दिखाया। वरुण ने अपने इस ओवर में केवल 3 रन देकर भारतीय टीम की मैच में वापसी की उम्मीद जगा दी थी और न्यूजीलैंड पर दबाव बना दिया था।

हालांकि, इस महत्वपूर्ण मोड़ पर कप्तान श्रेयस अय्यर का एक फैसला भारतीय टीम के लिए नुकसानदेह साबित हुआ। 10वां ओवर नीतीश कुमार रेड्डी से कराने के बाद, अय्यर ने 11वें ओवर में बेहतरीन लय में गेंदबाजी कर रहे वरुण चक्रवर्ती को जारी रखने के बजाय पार्ट-टाइम स्पिनर अभिषेक शर्मा को गेंद थमा दी। अभिषेक के इस ओवर में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने 13 रन बटोरे, जिससे वरुण द्वारा बनाया गया सारा दबाव खत्म हो गया और मैच में भारत की पकड़ पूरी तरह छूट गई।

इसके बाद कीवी बल्लेबाजों ने आक्रामक रुख अपनाते हुए भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। न्यूजीलैंड की ओर से टिम साइफर्ट ने 50 गेंदों में 11 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 93 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। 16वें ओवर में नीतीश रेड्डी ने साइफर्ट को बोल्ड किया, लेकिन तब तक जीत भारत की पहुंच से बहुत दूर जा चुकी थी। रही-सही कसर ग्लेन फिलिप्स ने 8 चौके और 3 छक्कों की मदद से 65 रनों की नाबाद तूफानी पारी खेलकर पूरी कर दी और टीम को 12 गेंद शेष रहते जीत दिला दी। शुरुआती तीन मैच जीतकर सीरीज पर कब्जा जमाने वाली भारतीय टीम को इस तरह अंतिम दोनों मैचों में शिकस्त झेलनी पड़ी।

Rajesh Bhagtani
Author: Rajesh Bhagtani

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर