Explore

Search

November 3, 2026 1:04 pm

लेटेस्ट न्यूज़

IND vs PAK: भारत-पाकिस्तान मैच देखने के लिए मची होड़, 84 लाख लोगों ने टिकट के लिए किया आवेदन

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

क्रिकेट की दुनिया में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले का रोमांच एक बार फिर देखने को मिल रहा है। साल 2027 में होने वाले आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में दोनों टीमें आमने-सामने होंगी, लेकिन इस मैच को लेकर अभी से ऐसी दीवानगी देखने को मिल रही है कि टिकटों के लिए आवेदन के आंकड़े चौंका रहे हैं। भारत-पाकिस्तान के इस महामुकाबले के लिए अब तक करीब 84 लाख टिकट आवेदन मिल चुके हैं। यह पूरे टूर्नामेंट का सबसे ज्यादा मांग वाला मुकाबला बन गया है।

10 अक्टूबर 2027 को जोहानिसबर्ग में होगा मुकाबला

भारत और पाकिस्तान के बीच यह ग्रुप स्टेज मैच 10 अक्टूबर 2027 को दक्षिण अफ्रीका के जोहानिसबर्ग स्थित वांडरर्स स्टेडियम में खेला जाएगा। इस स्टेडियम में करीब 34 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता है, जबकि टिकटों के लिए 83,97,294 आवेदन पहुंच चुके हैं। यानी उपलब्ध सीटों की तुलना में टिकट की मांग कई गुना ज्यादा है।

वर्ल्ड कप फाइनल के लिए भी करीब 79 लाख आवेदन

भारत-पाकिस्तान मुकाबले के बाद टिकटों की सबसे ज्यादा मांग वर्ल्ड कप फाइनल को लेकर है। 21 नवंबर 2027 को इसी वांडरर्स स्टेडियम में होने वाले फाइनल के लिए 79,00,944 आवेदन मिल चुके हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि क्रिकेट प्रेमियों में इस टूर्नामेंट को लेकर कितना उत्साह है।

193 देशों के प्रशंसकों ने कराया रजिस्ट्रेशन

आईसीसी के मुताबिक, वनडे वर्ल्ड कप 2027 के टिकटों के लिए अब तक 193 देशों के करीब 28 लाख प्रशंसकों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। पूरे टूर्नामेंट के लिए 12 करोड़ से ज्यादा टिकट आवेदन मिल चुके हैं। दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, भारत, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया से सबसे ज्यादा आवेदन आए हैं।

2027 का वनडे वर्ल्ड कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। टूर्नामेंट में 14 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 57 मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। यह विश्व कप 2 अक्टूबर से 21 नवंबर 2027 तक चलेगा।

टिकट पाने के लिए क्या है प्रक्रिया?

आईसीसी ने टिकटों के लिए बैलेट यानी लॉटरी आधारित आवेदन प्रक्रिया शुरू की है। इसके तहत प्रशंसक अपनी पसंद के मुकाबलों के लिए रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। जिन मैचों के लिए टिकटों की मांग उपलब्ध सीटों से ज्यादा होगी, वहां टिकट खरीदने का अवसर रैंडम बैलेट के जरिए तय किया जाएगा।

आईसीसी के मुताबिक, टिकट बैलेट के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 21 नवंबर 2026 है। यह प्रक्रिया पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर नहीं है। इसलिए जल्दी आवेदन करने से टिकट मिलने की संभावना नहीं बढ़ती। चयनित प्रशंसकों को आगे टिकट खरीदने की जानकारी ईमेल के जरिए दी जाएगी।

भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर दुनिया की नजर

भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले हमेशा से दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे हैं। दोनों देशों के प्रशंसकों के बीच इस मैच को लेकर खास उत्साह रहता है। 2027 वर्ल्ड कप के लिए मिले टिकट आवेदनों की संख्या ने एक बार फिर इस प्रतिद्वंद्विता की लोकप्रियता को सामने ला दिया है। अब देखना होगा कि टिकट बैलेट में कितने प्रशंसकों को स्टेडियम में बैठकर इस महामुकाबले को देखने का मौका मिलता है।

Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर