Explore

Search

October 25, 2026 7:21 pm

लेटेस्ट न्यूज़

पटना में खरगे के कार्यक्रम में भारी हंगामा, मंच से बोले कांग्रेस अध्यक्ष- ‘मोदी का बाप भी जाएगा’

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

पटना । बिहार की राजधानी पटना में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के भाषण के दौरान अचानक भारी हंगामा खड़ा हो गया। बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित इस समारोह में जब खरगे केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोल रहे थे, तभी सभागार में मौजूद एक व्यक्ति ने विरोध करते हुए चिल्लाना शुरू कर दिया कि “पीएम मोदी कहीं नहीं जाएंगे।” इस व्यवधान से भड़के कांग्रेस अध्यक्ष ने मंच से तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा… बाप भी जाएगा मोदी का।”

खरगे की इस टिप्पणी के तुरंत बाद सभागार में मौजूद कांग्रेस समर्थक और कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। समर्थकों ने विरोध कर रहे व्यक्ति को धक्का देते हुए सभागार से बाहर कर दिया और “वोट चोर गद्दी छोड़” के जोरदार नारे लगाने शुरू कर दिए। हालांकि, हंगामे के बढ़ते रुख को देखकर कांग्रेस अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की। इस घटनाक्रम से पहले खरगे अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लगातार हमलावर रहे, और चुनाव आयोग पर सत्ताधारी दल के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया।

अपने भाषण के दौरान मल्लिकार्जुन खरगे ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा की भी कडी आलोचना की। उन्होंने कहा कि जब तक देश में संघ की विचारधारा मौजूद है, तब तक पूर्ण शांति स्थापित नहीं हो सकती। उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुई एक घटना का जिक्र करते हुए खरगे ने कहा कि आजादी के आठ दशक बाद भी समाज में छुआछूत की भावना का कायम रहना चिंताजनक है। इसके साथ ही उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि समाजवाद का नाम लेकर राजनीति शुरू करने वाले नेता आज भाजपा और संघ के साथ हाथ मिला चुके हैं।

Rajesh Bhagtani
Author: Rajesh Bhagtani

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर