Explore

Search

November 25, 2025 11:16 am

अयोध्या में ऐतिहासिक ध्वजारोहण: राम मंदिर का निर्माण पूर्ण, पीएम मोदी फहराएंगे भगवा ध्वजा

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

अयोध्या में आज श्री राम मंदिर के मुख्य शिखर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धर्म ध्वजा फहराएंगे। संघ प्रमुख मोहन भागवत, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, सीएम योगी आदित्यनाथ सहित हजारों गणमान्य लोग इस मौके पर मौजूद रहेंगे। श्री राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण के साथ ही यह संदेश भी दिया जाएगा कि मंदिर का निर्माण कार्य संपूर्ण हो चुका है। इस समय पूरी अयोध्या राममय हो गई है। करीब आठ अतिथियों को समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम के मद्देनजर पूरी अयोध्या में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस, सुरक्षा बलों और एजेंसियों की नजर है। अयोध्या की सुरक्षा में 14 एसपी स्तर के अधिकारी और 7000 जवान तैनात किए गए हैं।

रक्षा मंत्रालय की गाइडलाइंस के अनुसार इस ध्वज को गुजरात में अहमदाबाद के एक पैराशूट स्पेशलिस्ट ने बनाया है। इसका वजन दो से तीन किलो के बीच है। यह 161 फीट ऊंचे मंदिर के शिखर और 42 फीट ऊंचे झंडे के पोल के हिसाब से बनाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवारी की सुबह 11.52 बजे से दोपहर 12.35 बजे के बीच शुभ मुहूर्त में ध्वजारोहण करेंगे। यहां पढ़ें ध्वजारोहण समारोह से जुड़े लाइव अपडेट-

LIVE UPDATES

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan Live-9:49 AM:-स्वामी अनंताचार्य बोले-यह दुनिया के लिए मिसाल है

तोताद्री मठ जगद्गुरु स्वामी अनंताचार्य ने एएनआई से कहा, “यह दुनिया के लिए मिसाल है। ध्वजा यह जानकारी देता है कि यह एक मंदिर है, यह एक धार्मिक जगह है, यह दूर से ही जानकारी देता है। ध्वज सबसे ऊपर सिर ऊंचा रखता है, इसीलिए मंदिरों में या शुभ मौकों और अच्छे कामों पर ध्वज फहराया जाता है। पूरा होना ही दुनिया का नियम है। अच्छी चीजें और भी अच्छी होंगी। यह सबसे अच्छे में सबसे अच्छा होगा। यह सबके लिए होगा। यह देश के हित में होगा। यह सबके हित में होगा। यही उद्देश्य है।”

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan Live-9:45 AM:-वैदिक मंत्रों का जाप

श्री राम जन्मभूमि मंदिर में ‘ध्वजारोहण’ समारोह के मद्देनजर गुरुकुल के छात्रों ने वैदिक मंत्रों का जाप किया।

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan Live-9:30 AM:- पीएम मोदी को रिसीव करने हेलीपैड के लिए रवाना हुए सीएम योगी

अयोध्या ध्वजारोहण समारोह के लिए PM नरेंद्र मोदी को रिसीव करने के लिए योगी आदित्यनाथ सरयू अतिथि गृह से साकेत डिग्री कॉलेज हेलीपैड के लिए रवाना हुए। पीएम मोदी आज श्री राम मंदिर के मुख्य शिखर पर धर्म ध्वजा फहराएंगे। इस मौके पर करीब आठ हजार गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan Live-9:15 AM:-पुलिस कर्मियों-सुरक्षा बलों और भक्तों के लिए भंडारा

आज अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात पुलिस कर्मियों और सुरक्षा बलों और भक्तों के लिए भंडारा (सामुदायिक भोजन) का आयोजन किया गया है। श्री राम मंदिर पर ध्वजारोहण को लेकर अयोध्या में चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात है। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है।

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan Live-9:10 AM:- रामनगरी में साढ़े चार घंटे रुकेंगे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ध्वजारोहण कार्यक्रम के लिए साढ़े चार घंटे तक रामनगरी में रुकेंगे। प्रधानमंत्री मोदी राममंदिर के शिखर पर 11 बज कर 55 मिनट पर ध्वजारोहण करेंगे। इसके साथ ही मोदी राममंदिर का निर्माण पूरा होने की घोषणा करेंगे।

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan Live-9:02 AM:- और कड़ी की गई अयोध्या की सुरक्षा व्यवस्था, चप्पे-चप्पे की निगरानी

श्री राम जन्मभूमि मंदिर में ऐतिहासिक ‘ध्वजारोहण’ समारोह के लिए अयोध्या में सुरक्षा कड़ी कर दी गई। रामनगरी के चप्पे-चप्पे पर पुलिस, सुरक्षा बल और एजेंसियों की निगरानी है। हर आने-जाने वाले की जांच की जा रही है। श्रद्धालुओं के लिए यह क्षण उल्लास से भरा हुआ है।

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan Live-8:55 AM:- भगवा पताका त्याग और समर्पण का प्रतीक, ध्वज पर सूर्य और ‘ॐ’ है अंकित

श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में ऐतिहासिक ‘ध्वजारोहण’ समारोह पर एएनआई से कहा, ‘राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण होगा। 11:50 बजे ये ध्वजारोहण किया जाएगा। पीएम मोदी, आरएसएस प्रमुख मोहन भगवत मौजूद रहेंगे। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। ध्वज पर कोविदार वृक्ष अंकित और सूर्य तथा ‘ॐ’ अंकित है। भगवा पताका है। ये रंग त्याग और समर्पण का प्रतीक है। 10 फीट ऊंचा और 20 फीट लंबा तिकोना समकोण त्रिभुज ऐसा एक ध्वज है। समर्पूण संसार को ये दृश्य अपने-अपने टीवी पर देखने को मिलेगा।

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan Live-8:42 AM:-गोविंद देव गिरी महराज बोले-5 सदियों के बाद आया ये दिन

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रेज़रर गोविंद देव गिरी महाराज ने एएनआई से कहा कि आखिरकार 5 सदियों के बाद वह दिन आ ही गया। सारी तैयारियां पूरी हो गई हैं। CM ने भी कल इंतज़ामों का रिव्यू किया था। सर संघ संचालक मोहन भागवत ने भी कल इंतज़ामों का रिव्यू किया था और उससे वह खुश हुए।

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan Live-8:37 AM:- त्रेता युग के बाद पहली बार फहराएगा अयोध्या राजवंश का ध्वज

अयोध्या राजवंश का ध्वज त्रेतायुग के बाद दोबारा इस अधिकार में राम मंदिर में पहली बार ध्वजारोहण की तैयारी की गयी है। इसके पूजन का अनुष्ठान चल रहा है, जिसकी पूर्णाहुति मंगलवार को ही होगी। ध्वज को फहराने के लिए सात सौ टन के 44 फीट लंबे ध्वज दंड स्थापित किया जा चुका है। साथ ही शेषावतार मंदिर सहित परकोटे के छह मंदिरों में भी ध्वजारोहण होगा।

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan Live-8:30 AM:- पीएम मोदी श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तक करेंगे भव्य रोड शो

पीएम नरेंद्र मोदी राम मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराकर ध्वजारोहण समारोह का शुभारंभ करेंगे। वह साकेत महाविद्यालय से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तक भव्य रोड शो भी करेंगे। रोड शो के करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे रामपथ को आठ जोन में विभाजित किया गया है। हर जोन में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं पारंपरिक तरीके से थाली, आरती, फूल-माला और नमस्कार मुद्रा के साथ पीएम की अगवानी करेंगी। अलग-अलग समाज और समूहों की महिलाओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan Live-8:25 AM:- पीएम मोदी रिमोट से करेंगे ध्वजारोहण

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में कोषाध्यक्ष महंत गोविंद देव गिरि ने बताया कि प्रधानमंत्री ध्वजारोहण के लिए पूरे दिन निराहार उपवास कर पूजा-अर्चना करेंगे। उसके बाद रामलला, राम दरबार में आरती भी करेंगे। पुनः ध्वजारोहण के निर्धारित मुहूर्त पूर्वाह्न 11.58 बजे से मध्याह्न 12.30 बजे के मध्य ध्वजारोहण करेंगे। यह ध्वजारोहण रिमोट सिस्टम से होगा। इसके लिए मैनुअल, इलेक्ट्रिक रिमोट सिस्टम दोनों की व्यवस्था है। ध्वज का निर्माण वैष्णव परम्परा के संतों के विचार विमर्श, शास्त्रों के अध्ययन बाद हुआ है।

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan Live-8:20 AM:- सात सौ टन का 44 फीट लंबा ध्वज दंड स्थापित किया गया

राम मंदिर में ध्वजारोहण के पूजन का अनुष्ठान चल रहा है, जिसकी पूर्णाहुति मंगलवार को ही होगी। ध्वज को फहराने के लिए सात सौ टन के 44 फीट लंबे ध्वज दंड स्थापित किया जा चुका है। साथ ही शेषावतार मंदिर सहित परकोटे के छह मंदिरों में भी ध्वजारोहण होगा।

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan Live-8:15 AM:-श्री राम जन्मभूमि परिसर भव्य तरीके से सज-धज कर तैयार

इस ऐतिहासिक समारोह के लिए श्रीराम जन्मभूमि परिसर भव्य तरीके से सज-धज कर तैयार है। यह स्वाभाविक इसलिए है कि इसके पीछे देश के बहुसंख्यक समाज की आस्था ही नहीं जुड़ी बल्कि पांच सौ सालों का संघर्ष और सतत बलिदान की परम्परा जुड़ी है।

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan Live-8:13 AM:- ध्वजारोहण के साथ राम मंदिर की पूर्णता की घोषणा

अगहन शुक्ल पंचमी के पर्व पर मंगलवार को राम मंदिर निर्माण का ध्वजारोहण समारोह होगा। इस समारोह के मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ध्वजारोहण के उपरांत राम मंदिर की पूर्णता की घोषणा करेंगे। इसके बाद देशवासियों और विश्व को मानवीय आदर्शों का संदेश देंगे।

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan Live-8:08 AM:- सड़कों की धुलाई, गलियां फूलों से महकाईं

नगर निगम की पूरी टीम रात-दिन एक करके अयोध्या को फूलों से सजाने में लगी है। राम मंदिर के गेट भी फूलों से सजाए गए हैं। चूड़ामणि चौराहे पर रेलिंग लगाकर उसमें फूलों को लगाया गया है। मंदिर की तरफ आने वाले सभी मार्गों की सड़क धुलवाकर वहां फूल सजाए गए हैं। नगर निगम के अधिशासी अभियंता राजपति यादव के अनुसार मोहबरा चौराहा, उदया चौराहा, लता चौक के अलावा सभी अंडर पास को सजाया गया है। आसपास की सभी सड़कों की धुलाई कराई जा रही है।

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan Live-8:02 AM:- पांच सौ कुंतल फूलों से रोड-चौराहे सजाए गए

रामनगरी दुल्हन सरीखी दिख रही है। सड़कें और चौराहे सज गए हैं। अयोध्या के प्रमुख मार्ग फूलों के गुलदस्ता बन गए है। खूबसूरत गुलों से पूरी रामनगरी गुलजार लग रही है। सड़कों पर पेड़ और पौधे इस तरह से सजा दिए गए हैं जैसे राम राज्य की स्थापना का उत्सव मनाया जा रहा हो। अयोध्या की सड़क और चौराहे रामधुन में मगन है। देश और दुनियां में करोड़ों रामभक्त मंगलवार की उस ऐतिहासिक घड़ी का इंतजार कर रहे हैं जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 500 साल के इंतजार के बाद श्री राम जन्मभूमि पर बनकर तैयार भव्य , दिव्य और आकर्षक राम मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वज फहराएंगे।

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan Live-7:55 AM:- रामनगरी में अनवरत गूंज रही रामधुन

श्रीराम जन्मभूमि के शिखर पर भगवा ध्वज फहराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के 25 नवम्बर के एक दिन पहले यानी 24 नवंबर की शाम से अयोध्या में रामधुन की गूंज शुरू हो गई। इसका मकसद रामनगरी के वातावरण को भक्ति रस से ओतप्रोत करना है। सोमवार को रामधुन के प्रसारण का सुबह 10:30 बजे अमानीगंज स्थित कंट्रोल रूम में महापौर ने नगर आयुक्त के साथ बटन दबाकर किया। उन्होंने जैसे ही माउस से क्लिक किया, सार्वजनिक संबोधन प्रणाली से रामधुन ‘हे राम… जग में दो ही सुन्दर काम’ गूंजने लगी। उन्होंने यहां से उदया चौराहा पहुंचकर रामधुन के प्रसारण का आनंद लिया।

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan Live- 7:50 AM: साकेत से राम मंदिर तक होगा रोड शो

साकेत से राम मंदिर परिसर तक रामपथ पर रोड शो होगा, जिसमें स्कूली बच्चे, महिलाएं और स्थानीय निवासी जगह-जगह पुष्प वर्षा करेंगे। रास्ते में सात स्थानों पर सांस्कृतिक मंच स्थापित हैं, जहां रामायण पर आधारित नृत्य, संगीत और लोक कलाओं की प्रस्तुतियां होंगी। सांस्कृतिक उत्सव में भारतीय परंपराओं, अध्यात्म और पारंपरिक वाद्ययंत्रों का प्रदर्शन होगा।

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan Live- 7:45 AM: अयोध्या में पीएम मोदी का होगा शाही स्वागत

प्रधानमंत्री मोदी का अयोध्या दौरा सामाजिक समावेशन और आध्यात्मिकता से ओतप्रोत होगा। सुबह लगभग दस बजे महर्षि वाल्मीकि अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद वे हेलीकॉप्टर से भारी सुरक्षा के बीच साकेत महाविद्यालय पहुंचेंगे। यहां वैदिक परंपरा के अनुरूप 501 ब्राह्मण बटुकों द्वारा स्वस्ति वाचन, संतों के शंखनाद और घंटा-घड़ियाल की पवित्र ध्वनि के बीच उनका शाही स्वागत होगा।

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan Live- 7:41 AM: ध्वजारोहण का मुहूर्त 11:58 से दोपहर 12:30 बजे तक

ध्वजारोहण का मुहूर्त 11:58 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित है, जो भगवान राम के जन्म नक्षत्र अभिजीत मुहूर्त से मेल खाता है। इससे पूर्व 21 से 25 नवंबर तक पांच दिवसीय वैदिक अनुष्ठान चल रहे हैं, जिसमें अयोध्या और काशी के प्रमुख संत-महात्मा विष्णु सहस्रनाम, अथर्वशीर्ष मंत्रों और यज्ञ कुंड पूजन कर रहे हैं।

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan Live- 7:40 AM: घर-घर लगे भगवा ध्वज,गूंजा जय श्रीराम

राम नगरी अयोध्या एक बार फिर इतिहास रचने को तैयार है। विवाह पंचमी के पावन अवसर पर 25 नवंबर को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य शिखर पर भव्य ध्वजारोहण समारोह आयोजित होगा। पूरे शहर में उत्साह का संचार है, हर कोना राममय हो चुका है। सड़कों पर फूलों की वर्षा, मंदिर परिसर में 100 टन से अधिक फूलों की सजावट और जय श्री राम के जयकारे गूंज रहे हैं। घर घर भगवा ध्वज फहर रहा है। योगी मोदी की जय जयकार हो रही है।

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan Live- 7:39 AM: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहले सप्तमंदिर जाएंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अयोध्या पहुंचेंगे। फिर रोडशो के जरिए अयोध्यावासियों का अभिनन्दन करते हुए रामजन्मभूमि मंदिर पहुंचेंगे। इससे पहले वह सुबह करीब 10 बजे सप्तमंदिर जाएंगे। यहां महर्षि वशिष्ठ,महर्षि विश्वामित्र, महर्षि अगस्त्य,महर्षि वाल्मीकि,देवी अहिल्या, निषादराज गुह और माता शबरी मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद शेषावतार मंदिर भी जाएंगे। सुबह करीब 11 बजे माता अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन करने के बाद राम दरबार गर्भगृह में पूजन करेंगे। दोपहर करीब 12 बजे राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर प्रधानमंत्री धर्म ध्वजा फहराएंगे।

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan Live- 7:38 AM: इतिहास की तीन तारीखें स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज

अयोध्यावासियों को यह कहते गर्व महसूस हो रहा है कि रामनगरी की तीन तारीख इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो जाएंगी। सुप्रीम कोर्ट ने जब नौ नवम्बर, 2019 को फैसला देकर राममंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया था, तब पूरी अयोध्यानगरी में दीपावली मनाई गई थी। इस दिन हर घर में दीये जले थे। इसके बाद राममंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी, 2024 को हुई। इस दिन भव्य समारोह को पूरे विश्व ने देखा।…अब राममंदिर की पूर्णता का संदेश 25 जनवरी, मंगलवार को प्रधानमंत्री के धर्म ध्वजा फहराते ही निकलेगा और इसके साथ ही यह तारीख भी यादगार पल के रूप में दर्ज हो जाएगी।

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan Live- 7:37AM: विवाह पंचमी के मुहूर्त के साथ होगा आयोजन

यह आयोजन मार्गशीर्ष मास के शुक्ल पक्ष की शुभ पंचमी पर श्रीराम और मां सीता की विवाह पंचमी के मुहूर्त के साथ होगा। 10 फीट ऊंचे और 20 फीट लम्बे समकोण वाले तिकोने झंडे का आरोहण किया जाएगा। इस पर भगवान श्री राम की प्रतिमा और वीरता का प्रतीक चमकते सूरज की तस्वीर है। इस पर कोविदार पेड़ की तस्वीर के साथ ‘ॐ’ लिखा है। पुराणों के अनुसार कोविदार रामराज्य के ध्वज में अंकित राजचिन्ह है।

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan Live- 7:35 AM: विवाह पंचमी भी आज, निकलती है राम बारात

25 नवम्बर को ही विवाह पंचमी भी है। इस दिन राम बारात निकलती है जिसे देखने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु आते हैं। यही वजह है कि मंगलवार को प्रधानमंत्री के धर्म ध्वज कार्यक्रम को लेकर प्रशासन के सामने दोहरी चुनौती है। हालांकि राम बारात का समय प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बाद रख दिया गया है इससे पुलिस प्रशासन को राहत मिली है। इसमें शामिल होने के लिए मठों,होटलों और धर्मशालाओं में सैकड़ों लोग ठहरे हैं। इन्हें प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बाद ही निकलने की इजाजत होगी।

DIYA Reporter
Author: DIYA Reporter

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर