Explore

Search

November 18, 2026 4:42 pm

PM मोदी की ऑटो सवारी पर पाकिस्तान का बड़ा झूठ, सोशल मीडिया पर फैलाया फर्जी दावा

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

मनीला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक तस्वीर को लेकर पाकिस्तान के सोशल मीडिया अकाउंट्स ने ऐसा दावा किया, जिसकी सच्चाई सामने आने के बाद उनकी खूब किरकिरी हो रही है। पाकिस्तानी हैंडल्स ने दावा किया कि पीएम मोदी ने आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान मेड इन पाकिस्तान ऑटो-रिक्शा की सवारी की थी। हालांकि, जांच में यह दावा पूरी तरह गलत निकला। जिस वाहन को पाकिस्तान अपना बता रहा था, वह भारत की मशहूर कंपनी बजाज ऑटो का थ्री-व्हीलर निकला।

मनीला में पीएम मोदी ने की ऑटो की सवारी

दरअसल, मंगलवार को मनीला में आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान आयोजित गाला डिनर में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दुनिया के कई अन्य नेता विशेष रूप से सजाए गए तिपहिया वाहनों में पहुंचे थे। इन वाहनों को फिलीपींस की पारंपरिक जीपनी शैली से प्रेरित होकर आकर्षक तरीके से सजाया गया था। फिलीपींस में सार्वजनिक परिवहन के वाहनों पर इस तरह की रंग-बिरंगी कलाकृतियां आम हैं।

पाकिस्तानी सोशल मीडिया अकाउंट्स ने फैलाया झूठ

पीएम मोदी की ऑटो सवारी का वीडियो सामने आने के बाद पाकिस्तान से जुड़े कई सोशल मीडिया अकाउंट्स ने इसे मेड इन पाकिस्तान वाहन बताना शुरू कर दिया। लाहौर के पत्रकार हम्माद हसन ने भी एक्स पर दावा किया कि नरेंद्र मोदी ने आसियान सम्मेलन में पाकिस्तान में बने ई-रिक्शे की सवारी की। इसके बाद कई अन्य अकाउंट्स ने भी इसी दावे को आगे बढ़ाया।

बजाज का लोगो देखकर खुल गई पोल

पाकिस्तानी अकाउंट्स के इस दावे की सच्चाई जल्द ही सामने आ गई। दरअसल, जिस थ्री-व्हीलर को पाकिस्तान में बना बताया जा रहा था, वह भारत की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी बजाज ऑटो द्वारा निर्मित था। वाहन के क्लोज-अप वीडियो में उसके डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर पर बजाज का लोगो साफ दिखाई दे रहा था।

रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तानी अकाउंट्स ने अपने दावे के समर्थन में पाकिस्तानी ऑटो कंपनी साज़गार का हवाला दिया था। इस कंपनी ने पिछले महीने फिलीपींस के लगुना में अपनी पहली विदेशी निर्माण इकाई शुरू की थी। हालांकि, इसका आसियान सम्मेलन में इस्तेमाल किए गए वाहनों से कोई संबंध नहीं था।

भारत के बजाज ऑटो की फिलीपींस में भी पहचान

बजाज ऑटो ने साल 2015 में फिलीपींस के बाजार में कदम रखा था। इसके बाद कंपनी वहां के थ्री-व्हीलर बाजार में अपनी पहचान बना चुकी है। कंपनी का कई देशों में कारोबार और बड़ा डीलर नेटवर्क है। बजाज अपने वाहनों का निर्यात 70 से अधिक देशों में करती है।

इस पूरे मामले में सबसे खास बात यह रही कि सोशल मीडिया पर किए गए दावे की सच्चाई वाहन पर लगे कंपनी के लोगो से ही सामने आ गई। पीएम मोदी की मनीला वाली तस्वीर को लेकर फैलाया गया पाकिस्तान का दावा फैक्ट चेक में गलत साबित हुआ।

Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर