गुजरात के अरवल्ली जिले में एक ASI की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने जली हुई कार से मिले मानव कंकाल की पहचान साबरकांठा जिले के चिठोडा पुलिस स्टेशन में तैनात ASI अश्विनभाई ताबियाड के रूप में की है। इस हत्याकांड में चौंकाने वाली बात यह है कि एक महिला हेड कांस्टेबल समेत चार लोगों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जली हुई कार से मिला था मानव कंकाल
जानकारी के मुताबिक, भीलोडा तालुका के पादरा गांव के पास हाथमती नदी के किनारे एक जली हुई अर्टिगा कार मिली थी। कार से मानव अवशेष बरामद होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। बाद में इन अवशेषों की पहचान 45 वर्षीय ASI अश्विनभाई ताबियाड के रूप में हुई।
प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में इस हत्याकांड के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ी साजिश की आशंका सामने आई है। बताया जा रहा है कि ASI अश्विनभाई और उसी थाने में तैनात महिला हेड कांस्टेबल अल्फा पिछले करीब पांच महीनों से संपर्क में थे। आरोप है कि महिला हेड कांस्टेबल के किराए के मकान में ही हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।
हत्या के बाद कार में जलाया शव
जांच के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपियों ने ASI के शव को उनकी ही अर्टिगा कार में रखा। इसके बाद सुनसान जगह पर कार ले जाकर उस पर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी, ताकि हत्या के सबूत मिटाए जा सकें। जली हुई कार से मिले अवशेषों के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान की।
महिला हेड कांस्टेबल समेत चार गिरफ्तार
इस मामले में भीलोडा पुलिस ने महिला हेड कांस्टेबल अल्फाबेन कल्पेशभाई समेत चार संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आरोपियों की भूमिका और हत्या की पूरी साजिश का खुलासा जांच के बाद सामने आएगा।








