Explore

Search

July 29, 2026 11:53 am

जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने पूंछरी में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे एवं मुड़िया पूर्णिमा मेले को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

डीग। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के प्रस्तावित डीग प्रवास एवं मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 के दृष्टिगत जिला कलक्टर मयंक मनीष एवं जिला पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने सोमवार को पूंछरी स्थित राजस्थान सीमा में पड़ने वाले सप्तकोसीय परिक्रमा मार्ग का विस्तृत निरीक्षण कर तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन के लिए किए गए प्रबंधों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने हेलीपैड, श्रीनाथजी मंदिर, कच्चा परिक्रमा मार्ग, आश्रय स्थल, कंट्रोल रूम तथा अन्य प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार एवं मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा की मंशा के अनुरूप प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं श्रद्धामय वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करते हुए किसी भी प्रकार की कमी को तत्काल दूर किया जाए। जिला प्रशासन द्वारा परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा वॉच टावर, पुलिस चौकियां, बैरिकेडिंग, टेंट-कनात एवं अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। पूंछरी में प्रवेश करने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग एवं यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि परिक्रमार्थियों की आवाजाही सुचारु एवं सुरक्षित बनी रहे।
परिक्रमार्थियों के विश्राम के लिए बनाए गए आश्रय स्थलों पर पेयजल, रोशनी, शौचालय तथा अन्य सुविधाओं के समुचित प्रबंध किए गए हैं। महिला श्रद्धालुओं के लिए अप्सरा कुंड एवं नवल कुंड क्षेत्र में स्नान एवं विश्राम की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। वहीं आश्रय स्थलों पर निःशुल्क मसाज सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे लंबी परिक्रमा के बाद श्रद्धालुओं को राहत मिल रही है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परिक्रमा मार्ग पर किए गए सौंदर्यीकरण कार्यों का भी अवलोकन किया। सभी विद्युत ट्रांसफार्मरों को मजबूत ग्रिल से सुरक्षित किया गया है तथा आकर्षक पेंटिंग कर सौंदर्यपरक स्वरूप प्रदान किया गया है। इसके साथ ही आन्यौर द्वार, जतीपुरा द्वार एवं प्याऊ द्वार को आकर्षक सजावट एवं आधुनिक प्रकाश व्यवस्था से सुसज्जित किया गया है। श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र श्रीनाथजी मंदिर एवं मुकुट मुखारविंद को भी विशेष रूप से सजाया गया है, जिससे सम्पूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से आलोकित दिखाई दे रहा है।
मानसून को देखते हुए जलभराव की किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए ड्रेनेज सिस्टम को व्यवस्थित किया गया है। नालों को सुरक्षित कवर से ढकने के साथ ही पर्याप्त संख्या में पंपसेट एवं तकनीकी दल तैनात किए गए हैं, ताकि वर्षा की स्थिति में भी परिक्रमा मार्ग पर जलभराव न हो और श्रद्धालुओं की यात्रा निर्बाध बनी रहे। मेले की व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन के लिए पूंछरी स्थित कंट्रोल रूम चौबीसों घंटे सक्रिय है। राजस्व, पुलिस, नगर परिषद, नगरपालिका, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी राउंड-द-क्लॉक शिफ्टवार ड्यूटी पर तैनात रहकर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी कर रहे हैं।
परिक्रमा मार्ग पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन एवं ब्रज संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं से जोड़ रही हैं। देशभर से आने वाले श्रद्धालु श्रद्धा एवं भक्ति के साथ श्री गिरिराज महाराज की सप्तकोसीय परिक्रमा कर रहे हैं तथा प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना कर रहे हैं। इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी भरतपुर मृदुल सिंह, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डीग मोहन सिंह, उपखंड अधिकारी डीग अमित मीना, उपखंड अधिकारी कुम्हेर श्रेष्ठा श्री, तहसीलदार अंकित गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला कलक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे एवं मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 के सफल आयोजन के लिए प्रत्येक विभाग पूर्ण समन्वय एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करे।
Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर