नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन आयोजित करने की अनुमति मिल गई है। दिल्ली पुलिस की मंजूरी के बाद संगठन ने अपने समर्थकों से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। यह प्रदर्शन शनिवार सुबह 10 बजे से शुरू होने वाला है।
कॉकरोच जनता पार्टी पिछले कुछ समय से प्रतियोगी परीक्षाओं और शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के खिलाफ अभियान चला रही है। संगठन का कहना है कि छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए यह प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है।
पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके भी दिल्ली पहुंच चुके हैं और प्रदर्शन में शामिल होने वाले हैं। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। कई स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
कॉकरोच जनता पार्टी की प्रमुख मांगों में शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा संबंधी विवादों की निष्पक्ष जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग शामिल है। संगठन ने समर्थकों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से प्रदर्शन में भाग लेने की अपील की है।
इस प्रदर्शन को कॉकरोच जनता पार्टी का पहला बड़ा जमीनी शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है, जिस पर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों की नजर बनी हुई है।








