जयपुर/लालसोट। ग्राम लालपुरा, में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले को लेकर अखिल भारतीय बैरवा महासभा का प्रतिनिधिमंडल जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) से मिले,और मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।गौरतलब है कि कुछ समय पूर्व ग्राम लालपुरा में अज्ञात व्यक्ति द्वारा बाबा साहब की प्रतिमा को तोड़ दिए जाने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। घटना से दलित समाज सहित ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला, लोगों का कहना था कि बाबा साहब केवल एक महापुरुष ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और संविधान के प्रतीक हैं। उनकी प्रतिमा के साथ की गई तोड़फोड़ की घटना ने समाज की भावनाओं को गहरा आघात पहुंचाया है।
घटना के बाद ग्रामीणों और दलित समाज के लोगों ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए,। समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि घटना के बाद अपेक्षित गति से कार्रवाई नहीं होने के कारण लोगों में असंतोष का माहौल बना रहा है । इसी को लेकर अखिल भारतीय बैरवा महासभा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्च अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखने का निर्णय लिया।जयपुर आईजी से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पूरे घटनाक्रम से अवगत करवाया,तथा बाबा साहब की प्रतिमा तोड़ने वाले अज्ञात व्यक्तियों की शीघ्र पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। साथ ही मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।प्रतिनिधिमंडल में दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा, अखिल भारतीय बैरवा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदयाल बड़ोदिया, राष्ट्रीय अतिरिक्त महामंत्री धर्मराज बगड़वा, प्रदेश महामंत्री हरिराम नागरवाल एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हीरालाल हुडला शामिल रहे।
सभी पदाधिकारियों ने एकमत होकर कहा कि समाज की भावनाओं से जुड़े इस संवेदनशील मामले में प्रशासन को गंभीरता दिखानी चाहिए तथा दोषियों को कानून के दायरे में लाकर सख्त सजा दिलाई जानी चाहिए।महासभा के पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रति देश के करोड़ों लोगों की गहरी आस्था है। उनकी प्रतिमाओं के साथ छेड़छाड़ या तोड़फोड़ जैसी घटनाएं सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करती हैं। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई से समाज में विश्वास कायम रहता है।जयपुर आईजी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा मामले की जांच निष्पक्ष रूप से की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इस दौरान महासभा के पदाधिकारियों ने समाज के लोगों से शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि न्याय की प्रक्रिया पर विश्वास रखते हुए प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही मामले का खुलासा होगा और दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिले।








