चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री दिव्यांग स्कूटी योजना-2026 के तहत पात्र दिव्यांगजनों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के अंतर्गत पात्र विशेष योग्यजनों को निःशुल्क स्कूटी उपलब्ध कराई जाएगी। इच्छुक आवेदक 31 जुलाई, 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक चन्द्र प्रकाश जीनगर ने बताया कि राज्य सरकार की बजट घोषणा 2026-27 के तहत संचालित इस योजना का उद्देश्य 18 वर्ष या उससे अधिक तथा 45 वर्ष से कम आयु के चलने-फिरने में असमर्थ विशेष योग्यजनों को शिक्षा एवं रोजगार से जोड़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। योजना के तहत राजकीय अथवा मान्यता प्राप्त महाविद्यालयों में नियमित अध्ययनरत दिव्यांग विद्यार्थी एवं रोजगाररत पात्र दिव्यांगजनों को निःशुल्क स्कूटी प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि आवेदक के पास 40 प्रतिशत या उससे अधिक चलन संबंधी दिव्यांगता का यूनिक डिसेबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड होना अनिवार्य है। यदि आवेदक मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सम्मान पेंशन प्राप्त कर रहा है, तो उसे पेंशन पीपीओ की प्रति संलग्न करनी होगी। पेंशन प्राप्त नहीं करने वाले आवेदकों के लिए माता-पिता/अभिभावक अथवा स्वयं की वार्षिक आय दो लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
आवेदन के साथ ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, जन आधार, रोजगार प्रमाण-पत्र अथवा नियमित अध्ययन का प्रमाण-पत्र, यूडीआईडी कार्ड तथा पूर्व में स्कूटी प्राप्त नहीं करने का शपथ-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक आवेदक किसी भी ई-मित्र केंद्र अथवा एसएसओ पोर्टल के माध्यम से “SJMS DSAP” पोर्टल पर निर्धारित दस्तावेजों सहित ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।








