Explore

Search

November 4, 2026 7:50 pm

लेटेस्ट न्यूज़

वनडे क्रिकेट में कोहली का एक और ऐतिहासिक कीर्तिमान, नंबर 3 पर 13 हजार रन, बने दुनिया के पहले बल्लेबाज

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने एक बार फिर अपने बल्ले का लोहा मनवाते हुए वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक नया स्वर्णिम इतिहास रच दिया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ आयोजित पांच मैचों की वनडे श्रृंखला के पहले मुकाबले में अपनी पारी का 12वां रन पूरा करते ही ‘रन मशीन’ कोहली ने यह महान उपलब्धि अपने नाम कर ली। विराट अब वनडे क्रिकेट के इतिहास में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 13 हजार रन का विशाल आंकड़ा पार करने वाले दुनिया के पहले और एकमात्र बल्लेबाज बन गए हैं। इस विशिष्ट सूची में दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के महान पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग हैं, जिन्होंने तीसरे नंबर पर खेलते हुए अपने पूरे करियर में 12,662 रन बनाए थे।

यदि वनडे प्रारूप में तीसरे स्थान पर सर्वाधिक रन बनाने वाले शीर्ष खिलाड़ियों की तुलना करें तो विराट कोहली 13,000 से अधिक रनों के साथ 61.61 की बेमिसाल औसत से शीर्ष पर काबिज हैं। उनके बाद रिकी पोंटिंग 12,662 रन (औसत 42.48), श्रीलंका के दिग्गज कुमार संगकारा 9,747 रन (औसत 44.71), दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर जैक कैलिस 7,774 रन (औसत 45.72) और न्यूजीलैंड के केन विलियमसन 6,504 रन (औसत 51.61) के साथ इस तालिका में आते हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मैच से पूर्व तक विराट के वनडे करियर पर नजर डालें तो वे 317 एकदिवसीय मैचों की 305 पारियों में कुल 15,109 रन बना चुके हैं, जिसमें 55 शानदार शतक और 79 अर्धशतक दर्ज हैं, जबकि उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 183 रन रहा है।

मुकाबले की बात करें तो न्यूजीलैंड की टीम भारत के सामने 185 रनों का मामूली लक्ष्य ही रख सकी। टॉस जीतकर भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया, जिसे उनके गेंदबाजों ने पूरी तरह सही साबित किया। उछाल और गति से भरपूर भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के सामने न्यूजीलैंड के बल्लेबाज ताश के पत्तों की तरह ढह गए और पूरी टीम 40.2 ओवरों में महज 185 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। कीवियों की ओर से टिम सीफर्ट ने सबसे अधिक 38 रनों का योगदान दिया, जबकि निचले क्रम पर 11वें नंबर के बल्लेबाज ब्लेयर टिकनर ने 34 और ग्लेन फिलिप्स ने 30 रन बनाए।

भारतीय गेंदबाजी आक्रमण में चार तेज गेंदबाजों को शामिल करने का रणनीति बेहद कारगर साबित हुई। अर्शदीप सिंह थोड़े महंगे जरूर साबित हुए, लेकिन उन्होंने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए। युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने 44 रन देकर तीन खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा, जबकि अंशुल कंबोज ने बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में केवल 22 रन देकर दो महत्वपूर्ण सफलताएं प्राप्त कीं। जवाब में 186 रनों के विजयी लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने शुरुआती झटके के बावजूद सधी हुई शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा बिना खाता खोले शून्य पर पवेलियन लौट गए, लेकिन इसके बाद कप्तान शुभमन गिल और विराट कोहली ने क्रीज पर टिककर भारतीय पारी को संभाला और टीम को जीत की दिशा में आगे बढ़ाया।

Rajesh Bhagtani
Author: Rajesh Bhagtani

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर