Explore

Search

November 21, 2026 2:44 pm

AI पर भारी निवेश बना चिंता की वजह? अमेरिकी शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, निवेशकों के लाखों करोड़ डूबे

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

अमेरिकी शेयर बाजार में इन दिनों भारी उथल-पुथल देखने को मिल रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनियों को लेकर निवेशकों की चिंता बढ़ने से वॉल स्ट्रीट में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। बीते एक सप्ताह में अमेरिकी शेयर बाजार की कुल मार्केट वैल्यू करीब 6 ट्रिलियन डॉलर यानी लगभग 560 लाख करोड़ रुपये घट गई। बाजार में आई इस गिरावट ने AI कंपनियों के भविष्य और उनके बढ़ते निवेश को लेकर नई बहस छेड़ दी है। हालांकि, अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि AI का बुलबुला फूट चुका है।

6 साल की सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट

अमेरिकी शेयर बाजार में पिछले एक सप्ताह के दौरान ऐसी गिरावट आई, जो करीब छह साल में सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट बताई जा रही है। शुक्रवार को ही बाजार से करीब 1 ट्रिलियन डॉलर की वैल्यू साफ हो गई। S&P 500 लगातार सात कारोबारी सत्रों से गिरावट में रहा, जो साल 2020 के बाद इसकी सबसे लंबी गिरावट है।

नैस्डेक में 5 फीसदी से ज्यादा की गिरावट

शुक्रवार के कारोबार में टेक कंपनियों से जुड़े नैस्डेक कंपोजिट इंडेक्स में 5.28 फीसदी की गिरावट आई और यह 22,617.73 अंक पर बंद हुआ। वहीं S&P 500 करीब 3.7 फीसदी गिरकर 6,910.39 अंक पर पहुंच गया। डाऊ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज में भी 949.73 अंकों यानी 1.93 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

नैस्डेक 100 में 5.6 फीसदी की गिरावट आई और कारोबार के दौरान यह अपने हालिया उच्च स्तर से करीब 20 फीसदी नीचे चला गया। वहीं S&P 500 और डाऊ जोंस अपने रिकॉर्ड स्तर से 10 फीसदी से अधिक नीचे आ गए, जिसे बाजार में करेक्शन की स्थिति माना जाता है।

AI कंपनियों पर बढ़ता खर्च बना चिंता

बाजार में गिरावट की बड़ी वजह AI सेक्टर को लेकर निवेशकों की बदलती सोच मानी जा रही है। कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विकास और डेटा सेंटर बनाने पर भारी रकम खर्च कर रही हैं। लेकिन निवेशकों को अब चिंता है कि इस निवेश के मुकाबले कंपनियों को कितनी कमाई होगी।

इसके अलावा डेटा सेंटर निर्माण की धीमी रफ्तार और AI सेक्टर में फंडिंग कम होने की आशंकाओं ने भी टेक कंपनियों के भविष्य को लेकर सवाल खड़े किए हैं। निवेशकों को डर है कि अगर कंपनियों का खर्च बढ़ता रहा और कमाई उम्मीद के मुताबिक नहीं हुई, तो इसका असर उनके शेयरों पर और गहरा हो सकता है।

निवेशक सुरक्षित विकल्पों की ओर बढ़े

अमेरिकी बाजार में बढ़ती अनिश्चितता के बीच निवेशक अब जोखिम वाले शेयरों से दूरी बनाकर सुरक्षित निवेश विकल्पों की तरफ रुख कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, बॉन्ड मार्केट और भारत जैसे अन्य बाजारों में निवेश बढ़ने की बात भी सामने आई है।

फिलहाल अमेरिकी शेयर बाजार की गिरावट ने दुनिया भर के निवेशकों का ध्यान खींचा है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि AI कंपनियों में तेजी का दौर दोबारा लौटेगा या भारी निवेश के बाद अब इस सेक्टर को लंबी चुनौती का सामना करना पड़ेगा।

Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर