अमिताभ बच्चन के लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ को इस सीजन का पहला करोड़पति मिल गया है। महाराष्ट्र के जलगांव के रहने वाले 28 वर्षीय भूषण ठाकरे ने शो में 1 करोड़ रुपये जीतकर इतिहास रच दिया है। उनकी इस कामयाबी से न सिर्फ उनका परिवार बल्कि शो के होस्ट अमिताभ बच्चन भी बेहद खुश नजर आए। अब भूषण की नजर 7 करोड़ रुपये के जैकपॉट सवाल पर है।
कभी जेब में थे सिर्फ 24 रुपये
भूषण ठाकरे की सफलता की कहानी काफी संघर्ष भरी रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह कभी सिर्फ 24 रुपये लेकर मुंबई आए थे। उनके मन में अपने परिवार को बेहतर जिंदगी देने का सपना था। भूषण ने बताया कि वह पिछले डेढ़ साल से अपने घर नहीं गए हैं। उन्होंने अपने माता-पिता से वादा किया था कि जिंदगी में कुछ हासिल करने के बाद ही घर लौटेंगे।
पिता ने मजदूरी करके पूरी कराई पढ़ाई
KBC के मंच पर अमिताभ बच्चन से बातचीत के दौरान भूषण ने अपने परिवार के संघर्ष के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उनके पिता मजदूरी करते थे और इसी मेहनत से उनकी पढ़ाई का खर्च उठाते थे। वहीं, उनकी मां की तबीयत भी अक्सर खराब रहती थी और उनके कई ऑपरेशन हुए। आर्थिक परेशानियों के बावजूद उनके पिता ने कभी उनकी पढ़ाई में रुकावट नहीं आने दी।
भूषण ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान जब उन्हें दाखिला नहीं मिला तो वह घर पर रहकर पढ़ाई करने लगे। पिता को मजदूरी करते देखकर उन्होंने गांव की नदी पर काम करना भी शुरू किया, लेकिन उनके पिता ने ऐसा करने से मना कर दिया। वह चाहते थे कि उनका बेटा मजदूरी करने के बजाय अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे।
अमिताभ बच्चन ने लगाया गले
सोनी टीवी की ओर से जारी प्रोमो में भूषण ठाकरे 1 करोड़ रुपये के पड़ाव को पार करते नजर आ रहे हैं। इस उपलब्धि पर अमिताभ बच्चन उन्हें गले लगाकर बधाई देते दिखाई दिए। भूषण की संघर्ष भरी कहानी सुनकर शो का माहौल भी भावुक हो गया।
अब 7 करोड़ के सवाल पर नजर
1 करोड़ रुपये जीतने के बाद भूषण ठाकरे अब 7 करोड़ रुपये के जैकपॉट सवाल का सामना करेंगे। दर्शकों को इंतजार है कि क्या वह इस सवाल का सही जवाब देकर इतनी बड़ी रकम अपने नाम कर पाएंगे। फिलहाल, मजदूर पिता के बेटे की यह कामयाबी लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।








