Explore

Search

November 21, 2026 2:06 pm

एंटीबायोटिक ज्यादा लेना पड़ सकता है भारी, शरीर को फायदा नहीं, बढ़ सकता है गंभीर बीमारियों का खतरा

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

बुखार, खांसी, गले में खराश या सर्दी-जुकाम होते ही कई लोग एंटीबायोटिक दवाएं लेना शुरू कर देते हैं। कुछ लोग पुरानी मेडिकल पर्ची देखकर दवा खाते हैं, तो कुछ बिना डॉक्टर की सलाह के मेडिकल स्टोर से एंटीबायोटिक खरीद लेते हैं। उन्हें लगता है कि इससे बीमारी जल्दी ठीक हो जाएगी, लेकिन ऐसा करना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

18 से 24 नवंबर तक विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान डॉक्टर लोगों को बिना जरूरत एंटीबायोटिक दवाओं के इस्तेमाल से बचने की सलाह दे रहे हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, हर बुखार, खांसी या गले के दर्द में एंटीबायोटिक लेना सही नहीं है।

वायरल संक्रमण में काम नहीं करतीं एंटीबायोटिक

एंटीबायोटिक दवाओं का इस्तेमाल बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमण के इलाज में किया जाता है। वहीं, सर्दी-जुकाम, फ्लू और गले में होने वाली कई तरह की खराश वायरल संक्रमण के कारण होती हैं। ऐसे मामलों में एंटीबायोटिक दवाएं असरदार नहीं होतीं।

इसके बावजूद कई लोग सामान्य लक्षण दिखाई देने पर ही इन दवाओं का सेवन करने लगते हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, बिना जरूरत एंटीबायोटिक लेने से कुछ लोगों में एलर्जी और अन्य दुष्प्रभाव हो सकते हैं।

बढ़ सकता है एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस का खतरा

दिल्ली के आरएमएल अस्पताल के मेडिसिन विभाग के डॉक्टर सुभाष गिरि के मुताबिक, बिना जरूरत एंटीबायोटिक लेने से एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की समस्या बढ़ सकती है। इस स्थिति में बैक्टीरिया उन दवाओं के प्रति प्रतिरोध विकसित कर लेते हैं, जो पहले उन्हें खत्म करने में असरदार थीं।

इसका नतीजा यह होता है कि संक्रमण का इलाज मुश्किल हो सकता है और कुछ दवाएं पहले की तरह असर नहीं करतीं। ऐसे में मरीज को दूसरी एंटीबायोटिक की जरूरत पड़ सकती है, जिससे इलाज का खर्च भी बढ़ सकता है।

कब लेनी चाहिए एंटीबायोटिक?

बुखार, खांसी या गले में दर्द होने पर खुद से एंटीबायोटिक शुरू नहीं करनी चाहिए। डॉक्टर लक्षणों और जरूरत के अनुसार जांच करके तय करते हैं कि संक्रमण बैक्टीरिया से हुआ है या वायरस से। एंटीबायोटिक की जरूरत होने पर डॉक्टर दवा और उसकी खुराक निर्धारित करते हैं।

अगर डॉक्टर ने एंटीबायोटिक लिखी है, तो उसकी बताई गई खुराक और अवधि का पालन करना जरूरी है। पुरानी पर्ची देखकर या किसी दूसरे व्यक्ति की दवा लेकर इसका इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

ध्यान रखें: एंटीबायोटिक हर तरह के संक्रमण का इलाज नहीं है। बिना जरूरत इन दवाओं का सेवन करने से फायदा होने के बजाय भविष्य में संक्रमण का इलाज मुश्किल हो सकता है।

Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर