Explore

Search

July 27, 2026 10:31 pm

एसपीएल भारत कप 2027 का होगा आयोजन, विजेता टीम को 31 व उप विजेता टीम को मिलेंगी 21 लाख की इनामी राशि

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

प्रतियोगिता फरवरी-मार्च 2027 में आयोजित होगी, टी-10 की जगह टी-12 प्रारूप में होंगे मुकाबले

 

जयपुर। युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले एसपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे संस्करण की सोमवार को जयपुर में घोषणा की गई। अब यह प्रतियोगिता ‘एसपीएल भारत कप 2027’ के नाम से आयोजित होगी। इस बार टूर्नामेंट में कई बड़े बदलाव किए गए हैं, जिनमें टी-12 प्रारूप, खिलाड़ियों के लिए ऑक्शन सिस्टम, सिंथेटिक लेदर बॉल का उपयोग और विजेता टीम के लिए 31 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रमुख हैं।

जयपुर स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्य संरक्षक पंडित देवकीनंदन ठाकुर, 1983 विश्व कप विजेता क्रिकेटर मदन लाल, संस्थापक विजय शर्मा, चीफ एडवाइजर सुमित तिवारी, स्ट्रैटेजिक एडवाइजर अजय भाटीवाल, क्रिकेट ऑपरेशंस चीफ संजीव मिश्रा और सचिव योगेश शर्मा मौजूद रहे।

आयोजकों ने बताया कि पहला संस्करण सफल रहने के बाद दूसरे संस्करण को अधिक पेशेवर और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक बदलाव किए गए हैं। प्रतियोगिता फरवरी-मार्च 2027 में आयोजित होगी। इस बार टी-10 की जगह टी-12 प्रारूप में मुकाबले होंगे तथा टेनिस बॉल के स्थान पर सिंथेटिक लेदर बॉल का इस्तेमाल किया जाएगा।

मुख्य संरक्षक पंडित देवकीनंदन ठाकुर ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, चरित्र निर्माण, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि एसपीएल भारत कप का उद्देश्य केवल क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देना नहीं, बल्कि जिम्मेदार और प्रेरणादायी युवा तैयार करना भी है।

पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर मदन लाल ने कहा कि छोटे शहरों और गांवों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें सही अवसर और मार्गदर्शन मिले तो वे राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि पारदर्शी चयन प्रक्रिया और प्रतिस्पर्धी माहौल खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर देगा।

संस्थापक विजय शर्मा ने बताया कि टूर्नामेंट में 14 से 35 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। देशभर में ट्रायल आयोजित किए जाएंगे, जिनके बाद 250 खिलाड़ियों का ऑक्शन पूल तैयार होगा। इनमें पहले संस्करण के प्रदर्शन के आधार पर 50 और ट्रायल के माध्यम से 200 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इसके बाद आठ टीमें ऑक्शन के जरिए 128 खिलाड़ियों का चयन करेंगी। प्रत्येक टीम में 16 खिलाड़ी होंगे।

खिलाड़ियों को प्रदर्शन के आधार पर ए, बी और सी श्रेणी में रखा जाएगा। ए श्रेणी के खिलाड़ियों का आधार मूल्य 75 हजार रुपये, बी श्रेणी का 50 हजार रुपये और सी श्रेणी का 25 हजार रुपये निर्धारित किया गया है।

टूर्नामेंट में महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड और राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने वाली आठ टीमें हिस्सा लेंगी।

आयोजकों के अनुसार विजेता टीम को 31 लाख रुपये तथा उपविजेता टीम को 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा मैन ऑफ द सीरीज को कार तथा सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज को एक-एक बाइक पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाएगी।

आयोजन समिति ने बताया कि एसपीएल भारत कप का उद्देश्य केवल क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि खेल के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देना और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर उपलब्ध कराना भी है।

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर