त्याग से बने ये मंदिर विशेष आलेख श्रृंखला में आज पढ़िए बुद्ध व महावीर की धरती पर निर्मित हो रहे स्थानीय बहाई उपासना मंदिर के बारे में।
“हे दुनिया के लोगो, उसके नाम पर जो सभी धर्मों का ईश्वर है, समस्त भूभागों पर उपासना मंदिरों का निर्माण करो। उन्हें इतना परिपूर्ण बनाओ जितना कि अस्तित्व के संसार में संभव है…।” बिहार शरीफ में निर्मित हो रहा भारत का प्रथम स्थानीय बहाई मंदिर बहाउल्लाह की इसी संकल्पना की प्रतिध्वनि है।
नई दिल्ली। देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित ‘कमल मंदिर’ के बाद, भारत को अब एक दूसरा बहाई मंदिर मिलने जा रहा है जिसका निर्माण-कार्य आगामी कुछ वर्षों में सम्पन्न हो जाएगा। दुनिया के सात वर्तमान महाद्वीपीय मन्दिरों में से एक, कमल मंदिर, के द्वार 1986 में लोगों के लिए खोल दिए गए थे। तब से यह प्रतिदिन औसतन 10,000 लोगों को अपने आध्यात्मिक प्रांगण में आमंत्रित करता आया है, जिनमें सभी धर्मों, राष्ट्रीयताओं, जातियों और संप्रदायों के लोग शामिल हैं।
![]()
वर्ष 2012 में बहाई धर्म की सर्वोच्च संस्था – विश्व न्याय मंदिर – ने जब अपने रिज़वान संदेश में बिहार शरीफ में स्थानीय बहाई मंदिर के निर्माण-प्रस्ताव की घोषणा की तो यह भारत के लगभग 20 लाख बहाई धर्मावलंबियों के लिए हर्ष और उत्साह का अवसर था क्योंकि भारत को अपना पहला स्थानीय बहाई उपासना गृह मिलने जा रहा था।
जैसा कि कमल मंदिर सम्बंधी अपने पिछले आलेख में हम बता चुके हैं, बहाई मंदिरों के निर्माण अथवा किसी भी बहाई प्रायोजन में होने वाले व्यय की पूर्ति बहाइयों – और केवल बहाइयों – के त्यागपूर्ण दान से ही की जाती है। गैर-बहाई लोग बहाई कोष में दान नहीं दे सकते। अतः, स्वाभाविक है कि भारत के इस प्रथम स्थानीय बहाई मंदिर के निर्माण की घोषणा के साथ ही बिहार शरीफ के लिए अलग से एक “मंदिर कोष” की स्थापना की गई जिसमें बहाई योगदान का सिलसिला अभी भी जारी है।
बिहार शरीफ के हरगावां में 7.5 एकड़ भूभाग में निर्मित हो रहे इस मंदिर की डिज़ाइन संकल्पना अप्रैल 2020 में नई दिल्ली की “स्पेसमैटर्स” नामक एक प्रतिष्ठित एवं अनुभवी वास्तुशिल्पी कम्पनी द्वारा तैयार की गई। तत्पश्चात, 21 फरवरी 2021 को सैकड़ों की संख्या में बहाई मित्रों, स्थानीय लोगों, एवं सामाजिक तथा राजनीतिक क्षेत्र के अग्रणी लोगों की उपस्थिति में शिलान्यास समारोह का आयोजन किया गया। दुर्भाग्य से, इसी समय भारत और दुनिया को कोरोना वायरस महामारी का भीषण प्रकोप झेलना पड़ा। हालांकि उस दौरान मंदिर निर्माण का कार्य लगभग ठप पड़ गया, लेकिन उस समुदाय के बहाई कोरोना से प्रभावित लोगों की सेवा में जुट गए। उन्होंने भोजन और दवाओं के वितरण जैसे अनेक प्रशंसनीय कार्य किए और इस प्रकार “उपासना और सेवा” का कार्य जारी रहा जो किसी भी बहाई मंदिर के मूल में है।
बहाई मंदिरों और भवनों के निर्माण के बारे में बहाई पवित्र लेखों में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं और ज़ाहिर है कि “स्पेसमैटर्स” की संकल्पना इन्हीं दिशानिर्देशों के आधार पर तैयार की गई थी। अपने पावन लेखों में बहाउल्लाह ने कई प्रसंगों में यह स्पष्ट किया है कि इन मंदिरों का निर्माण “अस्तित्व के संसार में यथासंभव अधिक से अधिक पूर्णता के साथ” किया जाना चाहिए। लेखों में यह भी संकेत दिया गया है कि ये बहाई मंदिर उस स्थान के प्राकृतिक परिवेश, भूगोल, संस्कृति और परम्परा की झलक दिखाते हों जहां उनका निर्माण किया जा रहा है।

बिहार शरीफ के बहाई मंदिर में इन सभी बातों का ध्यान रखा जा रहा है। नालंदा जिले की भवन-परम्परा में स्थानीय ईंटों से बने स्थापत्य का अपना अनूठा महत्व है। आज भी नालंदा विश्वविद्यालय के खंडहर इस बात की गवाही देते हैं। बिहार शरीफ के स्थानीय बहाई मंदिर में न केवल स्थानीय ईंटों का सुरुचिपूर्ण उपयोग किया गया है बल्कि वहां की मिट्टी और जलवायु के रंग और विशेषता को भी प्रतिबिम्बित किया गया है। मधुबनी की लोककला बिहार की एक समृद्ध सांस्कृतिक विरासत रही है और मंदिर निर्माण में उसका भी सुंदर समावेश देखने को मिलता है।
मंदिर के भवन-निर्माण की सबसे अनूठी विशेषता है प्रकाश और शीतलन की प्राकृतिक व्यवस्था ताकि उसके लिए मशीनों पर अधिक निर्भरता न हो। 16 मीटर उंचे गुम्बद में सुराखों की एक विशेष व्यवस्था, परिवेश में छोटे जलाशयों और हरित पर्यावरण के विकास तथा ‘जियोथर्मल हीट सिंक’ जैसी आधुनिक पर्यावरण-अनुकूल तकनीकों को अपनाकर मंदिर में प्रकाश, सौन्दर्य, स्थानीय विशिष्टता, शीतलता और उत्कृष्टता को इस तरह पिरोया गया है कि मंदिर परिसर सचमुच नालंदा की उस पवित्र भूमि के एक विलक्षण आध्यात्मिक केंद्र के रूप में उभर रहा है जो पहले ही बुद्ध और महावीर जैसे अवतारों के चरणों से धन्य हो चुकी है।

अभी मंदिर का निर्माण कार्य जारी है और जब शीघ्र ही जब यह कार्य सम्पन्न हो जाएगा तो ‘कमल मंदिर’ की ही तरह भारत को “ईश्वर की आराधना का एक दूसरा उदय-स्थल” प्राप्त हो जाएगा जहां हर धर्म, हर सम्प्रदाय के लोग अपने बाहरी भेद को भुलाकर एकमेव सत्य परमात्मा की आराधना के आनंद में लीन होंगे। और यह सब कुछ सिर्फ़ लाखों बहाइयों के त्याग से साकार होगा।
टूरिस्ट हब बनेगा हरगांवा: इस भव्य मंदिर के बनने से हरगांवा गांव राजगीर और पावापुरी की तरह एक बड़ा टूरिस्ट हब बन जाएगा, देश-विदेश से पर्यटक यहां खिंचे चले आएंगे. बहाई समुदाय का लक्ष्य सिर्फ मंदिर निर्माण तक सीमित नहीं है. अगले चरण में यहां अस्पताल, स्कूल, वृद्धाश्रम और अनाथालय जैसी सामाजिक संस्थाएं भी खोली जाएंगी।
आखिर कहां से आया है बहाई धर्म ?: बहाई धर्म 19वीं शताब्दी में ईरान में स्थापित एक स्वतंत्र विश्व धर्म है, जिसके संस्थापक बहाउल्लाह हैं. यह धर्म सभी धर्मों की मूल एकता, मानव जाति की एकता और ईश्वर की एकता पर जोर देता है। बहाई मान्यता के अनुसार, ईश्वर ने समय-समय पर विभिन्न अवतारों जैसे अब्राहम, कृष्ण, बुद्ध, ईसा और मुहम्मद के माध्यम से मानवता को मार्गदर्शन दिया है। इस धर्म का मुख्य संदेश है कि पूरी पृथ्वी एक देश है और समस्त मानव जाति इसकी नागरिक है। बहाई शिक्षाएं नस्लवाद, लिंग भेद और राष्ट्रीयता जैसी विभाजनकारी भावनाओं का विरोध करती हैं तथा विज्ञान और धर्म के सामंजस्य, महिलाओं की समानता, सार्वभौमिक शांति और सामाजिक न्याय पर बल देती है।

सुनीति चंद्र मिश्र
लेखक व पत्रकार







