भर्ती का परिणाम याचिका के अंतिम निर्णय के अधीन रखने का आदेश
जयपुर। राजस्थान सफाई कर्मचारी भर्ती परीक्षा-2026 में अनुभव प्रमाण-पत्र से जुड़े विवाद को लेकर राजस्थान उच्च न्यायालय, जयपुर पीठ में दायर रिट याचिका पर महत्वपूर्ण आदेश पारित हुआ है। मामले में अधिवक्ता उमा शंकर शर्मा की ओर से की गई प्रभावी पैरवी के बाद न्यायालय ने प्रतिवादियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही भर्ती प्रक्रिया के परिणाम को याचिका के अंतिम निर्णय के अधीन रखने का महत्वपूर्ण आदेश दिया है।
सत्येन्द्र सिंह राठौड़ बनाम राजस्थान राज्य (एस.बी. सिविल रिट याचिका संख्या 21495/2026) के मामले में 19 नवंबर 2026 को न्यायमूर्ति अनूप कुमार ढंड की एकलपीठ ने सुनवाई की। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता उमा शंकर शर्मा ने अनुभव प्रमाण-पत्र से जुड़े विवाद और भर्ती प्रक्रिया से संबंधित पक्ष को न्यायालय के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

भर्ती परिणाम अंतिम निर्णय के अधीन
सुनवाई के दौरान न्यायालय ने प्रतिवादियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए तथा स्पष्ट किया कि सफाई कर्मचारी भर्ती-2026 का परिणाम रिट याचिका के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। इस आदेश से अनुभव प्रमाण-पत्र विवाद के न्यायिक निस्तारण का महत्व बना रहेगा और भर्ती प्रक्रिया के परिणाम पर न्यायालय के अंतिम निर्णय का प्रभाव रहेगा।
27 नवंबर को होगी अगली सुनवाई
न्यायालय ने प्रकरण को आगामी सुनवाई के लिए 27 नवंबर 2026 को ‘फ्रेश मैटर्स’ श्रेणी में सूचीबद्ध किया है। मामले में याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता उमा शंकर शर्मा ने देव कृष्ण पुरोहित की ओर से पैरवी की।








