एमओयू को समयबद्ध रूप से धरातल पर उतारना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
सभी विभाग एमओयू के क्रियान्वयन में लाएं तेजी, नियमित मॉनिटरिंग हो सुनिश्चित
– मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के तहत हुए एमओयू की प्रगति को लेकर बैठक ली। उन्होंने विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को एमओयू के क्रियान्वयन में गति लाने के सख्त निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राइजिंग राजस्थान के एमओयू को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इन एमओयू के धरातल पर लागू होने से प्रदेश की आर्थिक प्रगति के साथ ही रोजगार के अवसर सृजित होंगे। ऐसे में इन एमओयू की ग्राउंड ब्रेकिंग के लिए सभी विभाग लक्ष्य निर्धारित करते हुए भूमि आवंटन सहित अन्य स्वीकृतियों की प्रक्रियाओं में तेजी लाएं।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि एमओयू के समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मुख्य सचिव स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही, उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने एवं संबंधित निवेशकों से निरंतर संवाद रखने के लिए भी निर्देशित किया।
बैठक में ऊर्जा, उद्योग, खनन, पर्यटन, स्वायत शासन, कृषि, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सूचना एवं प्रौद्योगिकी, आयुष, स्कूल शिक्षा, युवा एवं खेल, तकनीकी शिक्षा सहित अन्य विभागों से संबंधित एमओयू की प्रगति को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








