बाड़मेर/जयपुर। राजस्थान के बाड़मेर जिले के पचपदरा में बन रही एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी (HRRL) के उद्घाटन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई 2026 को रिफाइनरी का लोकार्पण कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों की जानकारी ली है। हालांकि पीएमओ की ओर से अभी अंतिम कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी इस दौरे के दौरान बाड़मेर रिफाइनरी के उद्घाटन के साथ जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का भी उद्घाटन कर सकते हैं।
पहले टल चुका था कार्यक्रम
पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन पहले 21 अप्रैल को प्रस्तावित था, लेकिन रिफाइनरी परिसर में आग लगने की घटना के बाद कार्यक्रम को आगे बढ़ा दिया गया था।
देश की पहली ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड रिफाइनरी
एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी देश की पहली ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स परियोजना है। इस परियोजना पर करीब 79,450 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जा रहा है। इसकी उत्पादन क्षमता 9 MMTPA (मिलियन मीट्रिक टन प्रति वर्ष) बताई जा रही है।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर फोकस
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल और अन्य तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।








