जयपुर में पिंक सिटी हॉफ़ मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमें 21, 10 और 5 किलोमीटर की दौड़ शामिल थी. मैराथन के लिए जयपुर वासियों की भारी भीड़ उमड़ी और युवाओं का उत्साह देखने लायक था. 21 किलोमीटर मैराथन का फ़्लैग ऑफ़ हो चुका है. इस आयोजन में इंडियन महिला क्रिकेट टीम की कैप्टन हरमनप्रीत कौर भी शामिल हुईं.
जयपुर: संडे ऑन सायकल प्रोग्राम
आज अमर जवान ज्योति पर संडे ऑन सायकल प्रोग्राम का आयोजन हो रहा है. इस कार्यक्रम को खेल मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ फ़्लैग ऑफ़ करेंगे. यह प्रोग्राम देश भर में 5 हज़ार जगहों पर आयोजित किया जा रहा है.
पाली: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के पुत्र का आशीर्वाद समारोह आज
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के पुत्र श्रेयांश के विवाह का आशीर्वाद समारोह आज आयोजित किया जा रहा है. देशभर के वीआईपी मेहमान आज पाली पहुँचेंगे, जिनमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, सिक्किम के राज्यपाल ओम माथुर, राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ वागड़े, केंद्रीय मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और कई अन्य मंत्री व नेता शामिल हैं. ये सभी राठौड़ के पुत्र को आशीर्वाद देंगे.
कोटा: ओम बिरला के जन्मदिन पर विशाल रक्तदान शिविर
कोटा में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के जन्मदिन (4 दिसंबर) पर बड़े स्तर पर ब्लड डोनेशन कैंप की तैयारी हो रही है. सिमलिया के दशहरे मैदान में 4 दिसंबर को विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित होगा. यह शिविर देहात भाजपा अध्यक्ष प्रेम गोचर के नेतृत्व में होगा.
बीकानेर: भारत-यूके सैन्य अभ्यास ‘अजेय वॉरियर’ का समापन
बीकानेर की महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में भारत और यूनाइटेड किंगडम (यूके) के संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘अजेय वॉरियर’ का आठवां संस्करण आज समापन होगा. इस अभ्यास में दोनों देशों के 240 सैनिक शामिल हुए, जिनमें भारतीय सेना की सिख रेजिमेंट और यूके की रॉयल गोरख राइफल के सैनिक शामिल थे. 14 दिन तक दोनों देशों के सैनिकों ने आतंकवाद विरोधी अभियान और आधुनिक युद्ध परिदृश्य में तालमेल का अभ्यास किया. आज दोनों देश के सैनिक अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे.
बीकानेर: सरकारी कर्मचारी निकला ₹5 करोड़ की ठगी का सरगना
बीकानेर में साइबर थाना पुलिस ने ₹5 करोड़ की ठगी के सरगना सरकारी कर्मचारी राकेश बिश्नोई को गिरफ्तार किया है. आरोपी राकेश बिश्नोई पीडब्ल्यूडी लूणकरणसर में बाबू के पद पर कार्यरत है. बिश्नोई गरीब मज़दूरों के खाते खुलवाकर फ्रॉड के पैसे को उन अकाउंट में डालकर विड्रॉल करता था. साइबर थाना अधिकारी रमेश सर्वटा मामले की जाँच कर रहे हैं और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है.
कोटा: पंचायत पुनर्गठन के विरोध में ग्रामीण करेंगे स्टेट हाईवे जाम
कोटा के इटावा के भोपालगंज के ग्रामीण आज स्टेट हाईवे जाम करेंगे. ग्रामीण पंचायत पुनर्गठन में गाँव में पंचायत नहीं बनने और उन्हें अन्य पंचायत में जोड़े जाने से नाराज हैं. ग्रामीण स्टेट हाईवे 70 को कोटा – खातोली के बीच जाम करेंगे.
उदयपुर: फ़िल्म डायरेक्टर विक्रम भट्ट सहित 6 फ़रार आरोपियों को नोटिस
उदयपुर पुलिस ने फ़िल्म डायरेक्टर विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी सहित 6 फ़रार आरोपियों को नोटिस भेजा है. इन सभी आरोपियों को 8 दिसंबर तक उदयपुर पुलिस के सामने पेश होने को कहा गया है. विक्रम भट्ट के को-प्रोड्यूसर और वेंडर 1 दिसंबर तक रिमांड पर हैं. विक्रम भट्ट और उनके साथियों ने इंद्रा आईवीएफ के मालिक अजय मुर्दिया के साथ ₹30 करोड़ की धोखाधड़ी की थी, जिसमें उन्हें ₹200 करोड़ की कमाई का झांसा दिया गया था. यह धोखाधड़ी 4 फ़िल्मों के निर्माण के लिए करोड़ों रुपए ऑनलाइन लेने से जुड़ी है. विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी सहित 8 लोगों पर एफ़आईआर दर्ज हुई थी.
जयपुर: एसएमएस मेडिकल कॉलेज में रैगिंग पर कार्रवाई
एसएमएस मेडिकल कॉलेज से रैगिंग की शिकायत पर एंटी रैगिंग कमेटी ने कार्रवाई की है. यह मामला कॉलेज कैंपस के बाहर का है. नेशनल मेडिकल कमीशन दिल्ली के पोर्टल पर शिकायत दर्ज हुई थी. सेकंड ईयर MBBS के 17 स्टूडेंट को अग्रिम आदेश तक सस्पेंड कर दिया गया है. ये छात्र अगले आदेश तक क्लास अटेंड नहीं कर पाएँगे. सीनियर छात्रों पर जूनियर छात्रों को बुलाकर परेशान करने के आरोप थे, जो कॉलेज के बाहर रेंट पर रहते हैं.
जयपुर: “6 दिसंबर शौर्य दिवस” मनाने की खबर झूठी
राजस्थान में “6 दिसंबर शौर्य दिवस” मनाने को लेकर फैली खबर को माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर ने प्रेस नोट जारी कर झूठी बताया है. निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि विभाग द्वारा शौर्य दिवस मनाने को लेकर कोई निर्देश जारी नहीं किया गया है. सोशल मीडिया पर वायरल पत्र को भ्रामक व निराधार बताया गया है. शिक्षा विभाग ने सभी को अफ़वाहों से सतर्क रहने की अपील की है.
जयपुर: हवामहल क्षेत्र में सीवर का पानी की सप्लाई
जयपुर के हवामहल के पठानों के चौक में सीवर का पानी की सप्लाई हो रही है. घर-घर गंदे और बदबूदार पानी की सप्लाई से हाहाकार मचा हुआ है और लोगों में भारी रोष है. भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष एम. सादिक खान के घर तक सीवर का गंदा पानी पहुँच गया है. पिछले एक हफ़्ते से लगातार गंदे पानी की सप्लाई हो रही है. लोगों ने पीएचईडी विभाग के कर्मचारी अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है.
बूंदी: मातृ एवं शिशु चिकित्सालय में हंगामा
बूंदी के मातृ एवं शिशु चिकित्सालय में 4 माह की मासूम का केनोला हटाते समय उंगली कटने की घटना पर परिजनों ने हंगामा किया. सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची.
धौलपुर: रानी पैलेस होटल से 4 बिज्जूओं का रेस्क्यू
धौलपुर में वन विभाग की टीम ने बिज्जूओं (Honey Badgers) का रेस्क्यू किया. रानी पैलेस के अंदर होटल से 4 बिज्जूओं का रेस्क्यू किया गया. वन विभाग की टीम ने इन बिज्जूओं को केसरबाग जंगल में सुरक्षित रिलीज़ कर दिया. रेस्क्यू प्रभारी राधाकृष्ण शर्मा सहित वन विभाग की टीम मौजूद रही.
बूंदी: अवैध बजरी परिवहन पर कार्रवाई
कोटा खनिज विभाग की कार्रवाई को देखकर ट्रैक्टर और डंपर चालक बजरी को सड़क पर खाली कर भाग गए. यह दृश्य उस समय देखा गया जब कोटा खनिज विभाग की टीम ट्रैक्टर और डंपर पर अवैध बजरी परिवहन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुँची थी.
धौलपुर: BLO की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
धौलपुर की प्रताप विहार कॉलोनी में एक BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों ने इसकी वजह काम के अत्यधिक दबाव को बताया है. पुलिस ने मृतक का शव ज़िला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है.






