उत्तर प्रदेश की राजनीति में चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के नए गठबंधन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों नेताओं ने हाथ मिलाकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चे का ऐलान किया है। इस नए गठबंधन को लेकर अब कांग्रेस की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद ने तीसरे मोर्चे को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट करते हुए कहा है कि इससे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा।
दरअसल, हैदराबाद में कांग्रेस समर्थित ‘भारत समिट’ के दूसरे संस्करण के दौरान सलमान खुर्शीद ने मीडिया से बातचीत में यह टिप्पणी की। उनसे चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन तथा उत्तर प्रदेश में तीसरे मोर्चे के संभावित प्रभाव को लेकर सवाल किया गया था। इस पर उन्होंने कहा कि किसी तीसरे मोर्चे से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। चंद्रशेखर हों या ओवैसी, सभी को प्रगतिशील मुद्दों और धर्मनिरपेक्षता के साथ आगे बढ़ना होगा।
तीसरे मोर्चे पर क्या बोले सलमान खुर्शीद?
सलमान खुर्शीद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में किसी तीसरे मोर्चे के बनने से बहुत ज्यादा फर्क पड़ने वाला नहीं है। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी का जिक्र करते हुए कहा कि सभी को प्रगतिशील मुद्दों और धर्मनिरपेक्षता के साथ आगे बढ़ना पड़ेगा।
उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चंद्रशेखर और ओवैसी के गठबंधन को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इसका असर दलित और मुस्लिम वोटों के समीकरण पर पड़ सकता है।
बीजेपी के बयान पर भी किया पलटवार
भारत समिट को लेकर बीजेपी की ओर से की गई टिप्पणी पर भी सलमान खुर्शीद ने जवाब दिया। बीजेपी ने इस कार्यक्रम को राइट विंग फोर्सेज के खिलाफ जमावड़ा बताया था। इस पर खुर्शीद ने कहा कि समिट में दुनिया के 70 देशों के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में प्रगतिशील सोच रखने वाले लोग हिस्सा ले रहे हैं और दुनिया में बढ़ती रूढ़िवादी सोच के खिलाफ चर्चा की जाएगी। उन्होंने बीजेपी के आरोपों की निंदा करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम देश के प्रगतिशील मुद्दों पर बातचीत करने के लिए आयोजित किया गया है।
चंद्रशेखर और ओवैसी ने बनाया सामाजिक परिवर्तन मोर्चा
बता दें कि असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन का ऐलान किया है। दोनों नेताओं ने इस गठबंधन को सामाजिक परिवर्तन मोर्चा नाम दिया है।
गठबंधन के ऐलान के दौरान ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया। वहीं, चंद्रशेखर ने कहा कि उनका मोर्चा उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है।
सपा और कांग्रेस को भी दिया गठबंधन में शामिल होने का न्योता
चंद्रशेखर आजाद ने बीजेपी को सत्ता से बाहर करने के लिए विपक्षी दलों को भी साथ आने का न्योता दिया है। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस से सामाजिक परिवर्तन मोर्चे में शामिल होने की अपील की। चंद्रशेखर का कहना है कि बीजेपी को हराने के लिए बड़ा गठबंधन जरूरी है और इसके लिए वह सीटों पर समझौता करने को भी तैयार हैं।
अब देखना होगा कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा कितना प्रभाव डाल पाता है और इसका असर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी तथा बीजेपी के चुनावी समीकरणों पर कितना पड़ता है। फिलहाल सलमान खुर्शीद के बयान ने इस नए गठबंधन को लेकर राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है।








