Explore

Search

November 16, 2026 6:38 pm

लेटेस्ट न्यूज़

वंदे भारत ट्रेन में आई बड़ी तकनीकी गड़बड़ी, 463 KM तक नहीं लगा ब्रेक, रेलवे ने दिए जांच के आदेश

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

भारतीय रेलवे की प्रीमियम ट्रेनों में शामिल वंदे भारत एक्सप्रेस से जुड़ा एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। झारखंड से उत्तर प्रदेश के बीच एक खाली वंदे भारत ट्रेन करीब 463 किलोमीटर तक कोचों के प्रभावी ब्रेकिंग सिस्टम के बिना दौड़ती रही। हैरानी की बात यह है कि यात्रा के दौरान दो लोको पायलटों ने ब्रेक ठीक से काम नहीं करने की शिकायत की, लेकिन इसके बावजूद ट्रेन को आगे बढ़ने दिया गया। मामला सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया है और दक्षिण पूर्व रेलवे ने जांच के आदेश दिए हैं।

24 अक्टूबर को हुई थी घटना

रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना 24 अक्टूबर की है। खाली वंदे भारत चेयर कार रेक को झारखंड के हटिया से उत्तर प्रदेश के झांसी तक मालगाड़ी के इंजन की मदद से ले जाया जा रहा था। इस दौरान ट्रेन के कोचों के ब्रेकिंग सिस्टम को मालगाड़ी के इंजन के ब्रेकिंग सिस्टम से जोड़ना जरूरी था, ताकि जरूरत पड़ने पर पूरी ट्रेन एक साथ रुक सके।

लेकिन रेलवे कर्मचारियों से इस प्रक्रिया में गंभीर चूक हो गई। नतीजा यह हुआ कि ट्रेन के कोचों के ब्रेक काम नहीं कर रहे थे और ट्रेन को आगे बढ़ने दिया गया।

लोको पायलटों ने दी थी चेतावनी

हटिया से रवाना होने के बाद लोको पायलट ने ब्रेक पावर टेस्ट किया। इस दौरान उन्हें पता चला कि ट्रेन की ब्रेकिंग क्षमता बेहद कमजोर और अप्रभावी है। रांची स्टेशन पहुंचने पर उन्होंने सेक्शन कंट्रोलर और ट्रैक्शन लोको कंट्रोलर को लिखित शिकायत भी दी।

इसके बावजूद ट्रेन को आगे जाने की अनुमति दे दी गई। इसके बाद मुरी स्टेशन से ट्रेन संभालने वाले दूसरे लोको पायलट ने भी ब्रेक में गड़बड़ी की जानकारी अधिकारियों को दी। उन्होंने बताया कि ब्रेक पाइप का प्रेशर कम करने के बावजूद कोचों में ब्रेक नहीं लग रहे थे। हालांकि, दूसरी चेतावनी के बाद भी ट्रेन को रोका नहीं गया।

डीडीयू स्टेशन पर खुली लापरवाही की पोल

जब ट्रेन उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में स्थित दीनदयाल उपाध्याय (DDU) स्टेशन पहुंची, तब अधिकारियों ने इसकी जांच की। जांच में पता चला कि सभी कोचों के ब्रेकिंग सिस्टम आइसोलेट यानी अलग कर दिए गए थे। इस वजह से कोचों के ब्रेक काम नहीं कर रहे थे।

रेलवे के आदेश के मुताबिक, ट्रेन करीब 463 किलोमीटर तक केवल इंजन के ब्रेक और रीजेनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम के सहारे चली। इस दौरान कोचों के ब्रेकिंग सिस्टम का इस्तेमाल नहीं हुआ।

रेलवे ने दिए जांच के आदेश

दक्षिण पूर्व रेलवे ने 7 नवंबर को जारी आदेश में रांची के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) को पूरे मामले की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए। शुरुआती जांच में कोच एवं वैगन मेंटेनेंस स्टाफ, सेक्शन कंट्रोलर, ट्रैक्शन कंट्रोलर और ट्रेन चलाने वाले कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई है।

जांच में यह भी पाया गया कि ट्रेन रवाना होने से पहले मेंटेनेंस स्टाफ ने ब्रेक की सही तरीके से भौतिक जांच नहीं की थी। वहीं, ट्रेन क्रू को वंदे भारत के ब्रेकिंग सिस्टम की पूरी जानकारी नहीं थी।

यात्रियों की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गनीमत रही कि यह ट्रेन खाली थी और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। अगर ऐसी लापरवाही यात्रियों से भरी ट्रेन के साथ होती, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।

अब रेलवे की जांच में यह पता लगाया जाएगा कि बार-बार चेतावनी मिलने के बावजूद ट्रेन को आगे चलाने की अनुमति किसने दी और इस गंभीर चूक के लिए कौन जिम्मेदार है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर