वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता को लेकर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री के खाने में लोहे का बड़ा बोल्ट मिला। यात्री ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया और रेलवे की खानपान व्यवस्था पर सवाल उठाए। मामला सामने आने के बाद IRCTC ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की है।
वड़ा खाते समय मिला लोहे का बोल्ट
जानकारी के मुताबिक, समर्थ कोडियाल नाम के यात्री बेंगलुरु से बेलगावी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे। इस दौरान उन्हें खाने में वड़ा परोसा गया। यात्री ने जब वड़ा खाना शुरू किया तो उसमें लोहे का एक बड़ा बोल्ट मिला। यह देखकर उन्होंने तुरंत वीडियो बनाया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर कर दिया।
IRCTC ने लिया संज्ञान, सर्विस प्रोवाइडर पर कार्रवाई
यात्री का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। यात्री ने अपनी पोस्ट में रेलवे और IRCTC को टैग करते हुए खाने की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। इसके बाद IRCTC ने शिकायत पर प्रतिक्रिया देते हुए असुविधा के लिए खेद जताया।
IRCTC ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और संबंधित सर्विस प्रोवाइडर के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की गई है।
किचन की जांच के दिए निर्देश
IRCTC ने संबंधित किचन यूनिट के कर्मचारियों को खाने की तैयारी के दौरान निर्धारित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किचन और वहां इस्तेमाल होने वाले उपकरणों का निरीक्षण करने को कहा गया है।
इस घटना के बाद वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। रेलवे खानपान व्यवस्था में साफ-सफाई और सावधानी बरतने की जरूरत एक बार फिर चर्चा में है।





