Explore

Search

November 26, 2026 2:52 pm

घर की रिश्तेदार ही निकली चोर! भाभी के शादी वाले गहने बॉयफ्रेंड संग चुराए, दोनों गिरफ्तार

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

उत्तर प्रदेश के झांसी से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला की ममेरी ननद ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर भाभी के शादी वाले गहनों पर हाथ साफ कर दिया। दोनों को घर और अलमारी की पूरी जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 2 लाख रुपये कीमत के गहने बरामद किए हैं।

भाभी के घर आती-जाती थी आरोपी

यह मामला झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के हसारी इलाके का है। यहां रहने वाली अंजली की शादी फरवरी 2026 में हुई थी। उन्होंने शादी में मिले गहनों को घर की अलमारी में सुरक्षित रखा था।

अंजली की ममेरी ननद कुमारी शालिनी का उनके घर अक्सर आना-जाना रहता था। इस वजह से उसे घर और अलमारी में रखे गहनों की जानकारी थी। पुलिस के मुताबिक, इसी जानकारी का फायदा उठाकर शालिनी ने अपने बॉयफ्रेंड संजय के साथ चोरी की योजना बनाई।

25 अक्टूबर को चोरी किए गहने

आरोप है कि 25 अक्टूबर को शालिनी ने अपने बॉयफ्रेंड संजय के साथ मिलकर अलमारी में रखे शादी के गहने चोरी कर लिए। जब अंजली को गहने गायब मिले तो उन्होंने उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

इसके बाद अंजली ने 24 नवंबर को प्रेमनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस को शालिनी और उसके बॉयफ्रेंड संजय पर शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 2 लाख रुपये कीमत के चोरी किए गए गहने भी बरामद किए।

प्रेमनगर थाना प्रभारी शेर सिंह के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने लालच में आकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि चोरी का आरोप किसी बाहरी व्यक्ति पर नहीं, बल्कि परिवार में आने-जाने वाली रिश्तेदार पर लगा है।

Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर