Rishikesh Bus Accident: उत्तराखंड के ऋषिकेश में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। फिरोजाबाद से शैक्षिक भ्रमण पर आए स्कूली बच्चों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर दीवार से जा टकराई। बताया जा रहा है कि बस के ब्रेक फेल हो गए थे। हादसे के वक्त बस में 27 छात्र-छात्राओं समेत कुल 30 लोग सवार थे। गनीमत रही कि सभी बच्चे सुरक्षित बच गए। हालांकि, इस दुर्घटना में स्कूल की प्रधानाचार्य, बस चालक और हेल्पर घायल हो गए।
अचानक फेल हुए बस के ब्रेक
जानकारी के मुताबिक, फिरोजाबाद के पंडित तिलक भानु सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बच्चे शिक्षकों के साथ उत्तराखंड घूमने आए थे। शनिवार सुबह करीब 9:40 बजे बस ऋषिकेश के मुनिकीरेती इलाके में पीडब्ल्यूडी तिराहे के पास पहुंची। इसी दौरान अचानक बस के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। सड़क पर ढलान होने के कारण चालक बस को नियंत्रित नहीं कर पाया और गाड़ी सीधे सामने बनी दीवार से जा टकराई।
बस में मची चीख-पुकार, तीन लोग घायल
बस के दीवार से टकराते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव अभियान चलाकर बस में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दुर्घटना में चालक जयप्रकाश, हेल्पर अवधेश और स्कूल की प्रधानाचार्य रजनी सारस्वत को चोटें आईं। तीनों को अस्पताल पहुंचाकर प्राथमिक उपचार कराया गया।
पुलिस ने बच्चों के ठहरने का किया इंतजाम
हादसे के बाद पुलिस ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके ठहरने की व्यवस्था नजदीकी मधुबन आश्रम में कराई। बच्चों के खाने-पीने और अन्य जरूरी सुविधाओं का भी इंतजाम किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने बच्चों की देखभाल की।
पहले भी बस का हुआ था चालान
इस हादसे से जुड़ी एक और अहम जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, बस का रायवाला क्षेत्र में ओवरलोडिंग को लेकर एआरटीओ ने चालान किया था। जांच के दौरान अतिरिक्त सवारियों को बस से उतारा भी गया था। इसके बाद बस आगे रवाना हुई थी। फिलहाल हादसे के बाद बस की स्थिति और पूरे घटनाक्रम को लेकर जांच की जा रही है।
गनीमत रही कि बस में सवार 27 बच्चों की जान बच गई। अगर बस दीवार से नहीं टकराती तो ढलान पर बड़ा हादसा हो सकता था।








