Explore

Search

July 15, 2026 2:32 am

बारां में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला, मौत के बाद हाईवे जाम

सड़क हादसा
WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

बारां। जिले के अटरू थाना क्षेत्र में स्टेट हाईवे-51 (कोटा-धरण मार्ग) पर इंद्रा बांडा गांव के पास सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों शवों को सड़क पर रखकर हाईवे जाम कर दिया, जिससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

हादसे में मृतकों की पहचान छबड़ा उपखंड के भीलवाड़िया गांव निवासी सतीश भील (22) और लोकेश भील (24) के रूप में हुई है। दोनों युवक एक शोक बैठक में शामिल होकर बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे।

तेज रफ्तार ट्रॉली ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार इंद्रा बांडा गांव के पास एक फैक्ट्री से बरगल (राख/फ्लाई ऐश) लेकर जा रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक ट्रॉली के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। घटना से नाराज लोगों ने स्टेट हाईवे-51 पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

ग्रामीणों ने उठाई कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर बरगल और भारी वाहनों की तेज रफ्तार व लापरवाही के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि:

  • भारी और ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए
  • पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दी जाए
  • सड़क सुरक्षा के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए

प्रशासन की समझाइश के बाद खुला जाम
जाम की सूचना पर अटरू थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

प्रशासन की ओर से सड़क दुर्घटना सहायता योजना के तहत मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई। इसके अलावा वाहन चालक और मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

करीब 3 घंटे चले विरोध प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटा दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर अटरू अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

 

देवेन्द्र सिंह
Author: देवेन्द्र सिंह

tv journalist with a 25 years of experience. Earlier worked for etv,indianews, sahara samay, bharat express etc

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर