Explore

Search

July 22, 2026 9:51 am

22 जुलाई को होगा जिलेभर में व्यापक पौधरोपण महाअभियान, सभी विभाग युद्धस्तर पर करें तैयारी : सुराणा

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने साप्ताहिक समीक्षा बैठक में हरियालो राजस्थान अभियान को प्राथमिकता देते हुए वीबीजी-रामजी, पीएम आवास, संपर्क पोर्टल, ओबीसी सर्वे सहित अन्य योजनाओं की विभागवार की समीक्षा

    • चूरू। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने सोमवार को डीओआईटी वीसी सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए समस्त जिला एवं उपखंड स्तरीय अधिकारियों को विभिन्न योजनाओं एवं अभियानों की प्रगति को लेकर विस्तृत निर्देश दिए।

बैठक में इस सप्ताह का केंद्रीय विषय हरियालो राजस्थान अभियान के  अंतर्गत 22 जुलाई को आयोजित होने वाला जिलेव्यापी पौधरोपण महाअभियान रहा।

जिला कलक्टर ने कहा कि 22 जुलाई का यह आयोजन केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है।

प्रत्येक विभाग अपने आवंटित लक्ष्य के अनुरूप पौधरोपण सुनिश्चित करे, उनकी जियो टैगिंग करें और यह भी सुनिश्चित हो कि लगाए गए पौधे जीवित रहें — केवल गिनती पूरी करना पर्याप्त नहीं है।

उन्होंने निर्देश दिए कि पौधों की नियमित देखभाल, सिंचाई एवं संरक्षण की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए। विकास अधिकारीगण ग्रामीण क्षेत्रों में बीजारोपण एवं पौधरोपण गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभाएं तथा एनजीओ एवं जनभागीदारी से अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दें।

जो ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर अभी भी चल रहे है उनकी समीक्षा में जिला कलक्टर ने कहा कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और उसका मौके पर ही गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित हो।

उन्होंने विभागों को निर्देश दिए कि शिविर के दौरान डाटा एंट्री नियमित रखी जाए तथा पात्र लाभार्थियों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिले।

संपर्क पोर्टल की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल शिकायत बंद करने की औपचारिकता न करें, बल्कि परिवादी की वास्तविक संतुष्टि सुनिश्चित करें। असंतुष्ट प्रकरणों का वेरिफिकेशन कर ठोस कार्रवाई की जाए।

उन्होंने वीबीजीरामजी योजना के अंतर्गत विकास कार्यों की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियां शीघ्र जारी करने, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में लाभार्थियों के आवास निर्माण में तेजी लाने तथा आवास न बनाने वाले लाभार्थियों से वसूली की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने ओबीसी सर्वे, जल संचय जन भागीदारी 3.0, कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान, नल जल मित्र, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण एवं शहरी), पीएम स्वनिधि, राजीविका स्वयं सहायता समूहों के गठन तथा मुख्यमंत्री जनसुनवाई प्रकरणों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस दौरान सीईओ श्वेता कोचर, एसीईओ भागचंद खारिया सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे तथा वीसी के माध्यम से समस्त उपखंडों के अधिकारी बैठक से जुड़े रहे।

Rashmi Repoter
Author: Rashmi Repoter

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर