जयपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा ग्रामोदय से राष्ट्रोदय के संकल्प के साथ गांवों और किसानों के विकास के लिए काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों को बीज से बाजार तक सहायता देने और ग्रामीण क्षेत्रों को समृद्ध बनाने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
मदन राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने सिंचाई सुविधाओं और खेतों की तारबंदी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण काम किए हैं। उनके अनुसार, कांग्रेस सरकार के पांच साल के कार्यकाल में नहरी तंत्र से 52,182 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा विकसित की गई, जबकि भाजपा सरकार ने 34 महीने में 1 लाख 42 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाई। इसी तरह, खेतों की तारबंदी के मामले में कांग्रेस शासन में 113 लाख मीटर और भाजपा सरकार में 445 लाख मीटर तारबंदी करवाने का दावा किया।
उन्होंने कहा कि रामजल सेतु परियोजना, यमुना जल से शेखावाटी क्षेत्र को पानी उपलब्ध कराने की योजना और किसाऊ परियोजना जैसी पहल राजस्थान के किसानों और गांवों को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
राठौड़ ने बताया कि पंचायती राज चुनावों के लिए भाजपा के संकल्प पत्र में किसानों को सालाना 12 हजार रुपये सम्मान निधि देने, सिंचाई के लिए दिन में बिजली उपलब्ध कराने और 10 लाख रोजगार देने का संकल्प शामिल है। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों को 10 हजार करोड़ रुपये का बैंक ऋण दिलाने, मातृ वंदन सहायता राशि 5 हजार से बढ़ाकर 8 हजार रुपये करने और विधवा एवं परित्यक्ता पेंशन 1,500 रुपये करने की दिशा में भी काम करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव को विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने का संकल्प ग्रामीण विकास को नई दिशा देगा। भाजपा का लक्ष्य गांवों को मजबूत बनाकर प्रदेश के समग्र विकास को गति देना है।








