Explore

Search

October 29, 2026 4:44 pm

लीग कप: लिवरपूल ने पेनल्टी शूटआउट में चेल्सी को हराया, मैनचेस्टर सिटी भी क्वार्टर फाइनल में पहुंची

WhatsApp
Facebook
Twitter
Email

लंदन। इंग्लिश लीग कप के अंतिम-16 दौर में लिवरपूल ने चेल्सी को रोमांचक पेनल्टी शूटआउट में हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। वहीं, मौजूदा चैंपियन मैनचेस्टर सिटी को ब्राइटन के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा, लेकिन उसने भी पेनल्टी शूटआउट में जीत दर्ज कर अंतिम आठ में प्रवेश किया।

एनफील्ड में लिवरपूल और चेल्सी के बीच निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 से बराबर रहा। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में लिवरपूल ने बाजी मारी। मुकाबले में लिवरपूल के कोच आंदोनी इराओला और चेल्सी के कोच शाबी अलोंसो के बीच भी दिलचस्प प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जो बचपन के मित्र बताए जाते हैं।

चेल्सी के मॉर्गन रोजर्स ने 40वें मिनट में पेनल्टी पर गोल करके टीम को बढ़त दिलाई। रयान ग्रावेनबर्च ने मोइसेस कैसिडो को टक्कर मार दी थी, जिसके बाद चेल्सी को पेनल्टी मिली। हालांकि, तीन मिनट बाद ही लिवरपूल ने बराबरी कर ली। वेस्ली फोफाना के हैंडबॉल के कारण मिले पेनल्टी अवसर को कोडी गाकपो ने गोल में बदल दिया।

पेनल्टी शूटआउट में चेल्सी के वैलेन्टिन बार्को का शॉट गोलपोस्ट से टकरा गया। लिवरपूल के कोस्टास सिमिकास के पास टीम को जीत दिलाने का मौका था, लेकिन उनका शॉट गोलपोस्ट के ऊपर से निकल गया। इसके बाद चेल्सी के गोलकीपर माइक पेंडर्स ने रयान ग्रावेनबर्च की पेनल्टी रोक दी, जबकि लिवरपूल के गोलकीपर जियोर्जी मामार्दाश्विली ने इमैनुएल एमाएघा का शॉट बचाकर अपनी टीम को मुकाबले में बनाए रखा।

जो गोमेज के गोल करने के बाद चेल्सी के डिफेंडर वेस्ली फोफाना का शॉट निशाने से चूक गया और गेंद गोल के पीछे दर्शक दीर्घा की ओर चली गई। इसके साथ ही लिवरपूल ने क्वार्टर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया।

यह एनफील्ड में बतौर कोच शाबी अलोंसो की लगातार तीसरी हार थी। इससे पहले वह 2024 में बायर लेवरकुज़ेन और 2025 में रियल मैड्रिड के साथ यहां हार चुके थे।

लिवरपूल के कोच इराओला ने जीत के बाद कहा कि घरेलू मैदान पर लगातार तीन जीत हासिल करना टीम के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लीग में घरेलू प्रदर्शन को लेकर टीम संघर्ष कर रही थी, लेकिन अब रविवार को आर्सेनल के खिलाफ मुकाबले पर ध्यान रहेगा। क्वार्टर फाइनल में लिवरपूल का सामना उनके पूर्व क्लब बोर्नमाउथ से होगा।

वहीं, अलोंसो ने कहा कि पेनल्टी शूटआउट में हारकर प्रतियोगिता से बाहर होना किसी भी टीम के लिए निराशाजनक होता है। उन्होंने माना कि उनकी टीम ने अच्छा खेल दिखाया, लेकिन प्रीमियर लीग इस समय उनकी मुख्य प्राथमिकता है।

मैनचेस्टर सिटी ने ब्राइटन को पेनल्टी शूटआउट में हराया

एतिहाद स्टेडियम में मौजूदा चैंपियन मैनचेस्टर सिटी और ब्राइटन के बीच मुकाबला 2-2 से बराबर रहा। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में सिटी ने 4-3 से जीत दर्ज की। गोलकीपर जेरोनिमो रूली ने ब्राइटन के दो खिलाड़ियों के शॉट रोककर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

सिटी के कोच एंजो मारेस्का ने एस्टन विला के खिलाफ पिछले मुकाबले में मिली हार के बाद टीम में नौ बदलाव किए थे। एर्लिंग हालांड, रूबेन डियास और जियानलुइजी डोनारुम्मा जैसे प्रमुख खिलाड़ियों को आराम दिया गया।

ब्राइटन ने 30वें मिनट में मलिक यालकुए के गोल से बढ़त बनाई। इसके बाद मातेओ कोवासिच ने लंबी दूरी से शानदार शॉट लगाकर सिटी को बराबरी दिलाई। दूसरे हाफ की शुरुआत में जॉर्जिनियो रटर ने ब्राइटन को फिर आगे कर दिया।

72वें मिनट में रयान शेरकी की फ्री-किक को विटोर रीस ने डिफ्लेक्ट करके गोल में पहुंचा दिया और मुकाबला 2-2 से बराबर हो गया। पेनल्टी शूटआउट में कोवासिच का शॉट ब्राइटन के गोलकीपर जेसन स्टील ने रोक दिया, लेकिन रूली ने यासिन अयारी और लुईस डंक के प्रयासों को विफल कर सिटी को क्वार्टर फाइनल में पहुंचा दिया।

क्वार्टर फाइनल में सिटी का सामना तीसरे डिवीजन की टीम ब्रैडफोर्ड सिटी से होगा। दोनों टीमें शनिवार को प्रीमियर लीग मुकाबले में भी आमने-सामने होंगी।

बोर्नमाउथ ने एस्टन विला को 3-0 से हराया

बोर्नमाउथ ने अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए एस्टन विला को 3-0 से शिकस्त दी। टीम ने इससे पहले यूरोपा लीग में एसी मिलान और प्रीमियर लीग में मैनचेस्टर यूनाइटेड के खिलाफ भी 3-0 से जीत दर्ज की थी।

क्रिस्टल पैलेस ने फुलहम को 1-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। इस जीत से दबाव का सामना कर रहे पैलेस के कोच पियरे सेज को राहत मिली। क्वार्टर फाइनल में पैलेस का मुकाबला सुंदरलैंड से होगा।

सुंदरलैंड ने ब्रेंटफोर्ड को 3-2 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। टीम ने पहले हाफ में तीन गोल करके मुकाबले पर पकड़ बना ली थी।

इससे पहले मंगलवार को चौथे डिवीजन की टीम फ्लीटवुड टाउन ने पेनल्टी शूटआउट में आर्सेनल को हराकर टूर्नामेंट का बड़ा उलटफेर किया था। फ्लीटवुड क्वार्टर फाइनल में एवर्टन और न्यूकैसल के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से खेलेगा।

Rajesh Bhagtani
Author: Rajesh Bhagtani

ताजा खबरों के लिए एक क्लिक पर ज्वाइन करे व्हाट्सएप ग्रुप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर