जयपुर: राजस्थान के नगरीय निकाय चुनाव को लेकर जयपुर जिले में चुनावी सरगर्मी अब अंतिम दौर में पहुंच गई है। 9 सितंबर को होने वाले पहले चरण के मतदान से पहले आज 7 सितंबर की शाम चुनाव प्रचार थम जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी रैली, सभा और सार्वजनिक प्रचार नहीं कर सकेंगे।
जयपुर जिले की 18 नगर निकायों में पहले चरण के तहत 9 सितंबर को मतदान होना है। इनमें चौमूं और शाहपुरा नगर परिषद के साथ 16 नगरपालिकाएं शामिल हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा।
8 सितंबर को रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
मतदान से एक दिन पहले यानी 8 सितंबर को भवानी निकेतन परिसर से मतदान दलों की रवानगी होगी। प्रशासन ने इसके लिए दो चरणों में व्यवस्था की है।
पहली पारी में सुबह 7 बजे से फुलेरा-सांभर, किशनगढ़-रेनवाल, शाहपुरा, मनोहरपुर, नरैना, दूदू, फागी और चाकसू के लिए मतदान दल रवाना होंगे। वहीं दूसरी पारी में सुबह 11 बजे से जोबनेर, खेजरोली, चौमूं, कालाडेरा, बगरू, बस्सी-कानोता, जमवारामगढ़ और वाटिका के लिए दल रवाना किए जाएंगे।
प्रचार खत्म होने के बाद बढ़ेगी प्रशासन की जिम्मेदारी
चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद प्रशासन का फोकस मतदान केंद्रों की व्यवस्था, सुरक्षा और मतदान दलों की सुरक्षित रवानगी पर रहेगा। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और विभागों को मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पहले चरण में मतदान वाले क्षेत्रों में चुनाव प्रचार समाप्त होने के साथ ही ड्राई डे भी लागू होगा। संबंधित इलाकों में मतदान से पहले निर्धारित अवधि में शराब की दुकानें बंद रहेंगी।
9 सितंबर को वोटिंग, 14 सितंबर को मतगणना
जयपुर जिले की इन 18 निकायों में 9 सितंबर को मतदान के बाद 14 सितंबर को मतगणना होगी। राजस्थान के नगरीय निकाय चुनाव कुल दो चरणों में हो रहे हैं। दूसरे चरण में जयपुर नगर निगम सहित अन्य निकायों में 11 सितंबर को मतदान कराया जाएगा।
ऐसे में अब पहले चरण के प्रत्याशियों के पास प्रचार के लिए आखिरी दिन बचा है। इसके बाद चुनावी शोर थम जाएगा और प्रशासन मतदान की तैयारियों को अंतिम रूप देगा।








